‘झूठे आंकड़ों की चादर से प्रदूषण की तकलीफ ढक रही सरकार…’ अखिलेश यादव का BJP पर हमला

KNEWS DESK- दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली में बैठी बीजेपी सरकार झूठे आंकड़ों के जरिए प्रदूषण की गंभीर स्थिति को छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण की असली स्थिति उन बच्चों, बीमारों और बुजुर्गों से पूछी जानी चाहिए, जिन्हें जहरीली हवा में सांस लेने में परेशानी हो रही है।

X पर अखिलेश यादव का बीजेपी को तंज

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि बीजेपी सरकार झूठे आंकड़ों की चादर से प्रदूषण की असहनीय तकलीफ को ढकना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण का सच उन मासूम बच्चों, बीमारों और बुजुर्गों से पूछा जाना चाहिए, जो एक-एक सांस लेने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी झूठी थी, झूठी है और झूठी ही रहेगी।

दरअसल, दिवाली की रात दिल्ली के प्रदूषण आंकड़ों को लेकर सवाल उठे हैं। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर यानी CREA के विश्लेषण के मुताबिक, 8 और 9 नवंबर की दरमियानी रात दिल्ली के 59 एयर क्वालिटी मॉनीटरिंग स्टेशनों में से 36 स्टेशन रात एक बजे PM2.5 की रीडिंग नहीं दे रहे थे। उस समय केवल 23 स्टेशनों से आंकड़े मिल रहे थे।

क्या कहते हैं आंकड़े ?

आंकड़ों के अनुसार, रात 10 बजे सात स्टेशनों पर डेटा उपलब्ध नहीं था। रात 11 बजे यह संख्या 23, आधी रात तक 29 और रात एक बजे 36 हो गई। रात दो बजे भी 35 स्टेशनों पर रीडिंग उपलब्ध नहीं थी। सुबह के समय डेटा की उपलब्धता धीरे-धीरे बेहतर हुई।

इस स्थिति ने आधिकारिक AQI आंकड़ों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। दिल्ली में दिवाली के दिन औसत AQI 376 दर्ज किया गया था, जबकि 9 नवंबर को शाम चार बजे औसत AQI 344 रहा। हालांकि उस समय 59 में से केवल 47 मॉनीटरिंग स्टेशनों से आंकड़े उपलब्ध थे। अखिलेश यादव ने इसी आधार पर सरकार पर प्रदूषण की वास्तविक स्थिति छिपाने का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *