KNEWS DESK – कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने रिश्तों और वैचारिक मतभेदों को लेकर कई खुलासे किए हैं। किताब 10 नवंबर को बाजार में आई है। सोनिया गांधी ने लिखा है कि प्रधानमंत्री मोदी से उनका अब तक कोई वास्तविक संपर्क या बातचीत नहीं हुई। कार्यक्रमों में आमना-सामना होने पर दोनों औपचारिक रूप से नमस्ते करते हैं, लेकिन उनके मुताबिक मोदी उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं।
सोनिया ने लिखा कि अस्पताल से लौटने के दौरान प्रधानमंत्री ने कभी-कभी उनसे उनकी तबीयत पूछी और उन्होंने संक्षिप्त जवाब दिया। इसके अलावा दोनों के बीच केवल जन्मदिन और नए साल की औपचारिक शुभकामनाओं का आदान-प्रदान हुआ है।
किताब में सोनिया गांधी ने मोदी और अपनी विचारधाराओं के बीच अंतर का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि भारत को लेकर मोदी का दृष्टिकोण RSS के विचारकों और उनके बचपन के अनुभवों से प्रभावित है, जबकि उनका अपना नजरिया समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय पर आधारित है। उन्होंने मोदी के राजनीतिक सफर और सामाजिक पृष्ठभूमि पर भी टिप्पणी की और कहा कि उन्होंने वंचित दुनिया से निकलकर RSS में प्रभाव हासिल करने के लिए मेहनत की।
सोनिया ने संसद में प्रधानमंत्री के भाषणों, विपक्ष पर हमलों और जवाहरलाल नेहरू को निशाना बनाए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ के लक्ष्य को RSS से मिले वैचारिक संस्कारों से जोड़ा और हिंदुत्व के कठोर तथा बहिष्कारी स्वरूप पर टिप्पणी की। इसके अलावा सोनिया ने हिंदू धर्म की विविध परंपराओं, महात्मा गांधी की अहिंसा की सोच और जाति व्यवस्था के खिलाफ हुए समाज सुधार आंदोलनों का भी उल्लेख किया है।