Bhai Dooj Special Sweet: भाई दूज पर घर में बनाएं स्वादिष्ट कलाकंद, जानें आसान रेसिपी

KNEWS DESK- भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्यार और अपनापन का प्रतीक है। इस खास दिन पर बहनें भाई के लिए तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां तैयार करती हैं। अगर इस बार आप बाजार से मिठाई खरीदने के बजाय घर पर कुछ खास बनाना चाहते हैं, तो कलाकंद एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। दूध से बनने वाली यह मिठाई अपने क्रीमी स्वाद, हल्की मिठास और दानेदार टेक्सचर के लिए पसंद की जाती है। इसे घर पर बनाना भी ज्यादा मुश्किल नहीं है और कुछ आसान स्टेप्स में तैयार किया जा सकता है।

Bhai Dooj Special Sweet: भाई दूज के लिए लिए घर पर बनाएं कलाकंद, हलवाई का  स्वाद

कलाकंद बनाने के लिए मुख्य रूप से दूध और पनीर की जरूरत होती है। इसमें काजू, बादाम, पिस्ता, इलायची और केसर मिलाने से इसका स्वाद और खुशबू बढ़ जाती है। वहीं कन्डेंस्ड मिल्क मिठाई को स्वादिष्ट और क्रीमी बनाने में मदद करता है। भाई दूज के मौके पर घर की बनी ताजी कलाकंद भाई-बहन के इस खास दिन को और भी मीठा बना सकती है।

कलाकंद बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • 500 ml दूध
  • 400 ग्राम कद्दूकस किया हुआ पनीर
  • 1 छोटा चम्मच घी
  • 10-12 कटे हुए काजू
  • 8-10 कटे हुए बादाम
  • 6-8 कटे हुए पिस्ता
  • 200 ml कन्डेंस्ड मिल्क
  • 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
  • कुछ केसर के धागे
  • एक चुटकी नमक
  • ½ छोटा चम्मच घी, ट्रे को ग्रीस करने के लिए

घर पर ऐसे बनाएं कलाकंद

सबसे पहले एक कड़ाही में दूध और कद्दूकस किया हुआ पनीर डालें। दोनों को मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं, जब तक दूध काफी हद तक सूख न जाए और मिश्रण गाढ़ा होकर मलाईदार न हो जाए।

अब इसमें एक छोटा चम्मच घी डालें। इसके बाद कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता डालकर करीब 2 मिनट तक अच्छी तरह भूनें। जब ड्राई फ्रूट्स अच्छी तरह मिल जाएं, तो इसमें कन्डेंस्ड मिल्क, इलायची पाउडर और केसर के धागे डाल दें।

सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाते हुए पकाएं। मिश्रण को तब तक चलाते रहें, जब तक यह गाढ़ा होकर कलाकंद जैसी कंसिस्टेंसी में न आ जाए। ध्यान रखें कि मिश्रण में अतिरिक्त पानी नहीं रहना चाहिए। आखिर में एक चुटकी नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें और गैस बंद कर दें।

अब एक ट्रे या प्लेट पर आधा छोटा चम्मच घी लगाकर उसे अच्छी तरह ग्रीस कर लें। तैयार कलाकंद के मिश्रण को इसमें डालकर समान रूप से फैला दें। इसे सेट होने के लिए करीब 30 से 40 मिनट तक फ्रिज में रख दें।

जब कलाकंद अच्छी तरह सेट हो जाए, तो इसे फ्रिज से निकालें और चाकू की मदद से अपनी पसंद के आकार में काट लें। ऊपर से चाहें तो थोड़े कटे हुए पिस्ता और केसर से सजाया जा सकता है। भाई दूज के दिन इसे ठंडा-ठंडा परोसें और घर की बनी इस स्वादिष्ट मिठाई से त्योहार की मिठास बढ़ाएं।

घर पर तैयार कलाकंद न सिर्फ स्वाद में खास लगेगा, बल्कि भाई दूज के मौके पर अपने हाथों से बनाई गई मिठाई होने के कारण इसका महत्व भी और बढ़ जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *