दिल्ली के नरेला इलाके में दिवाली के दौरान पटाखा जलाते समय 10 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चे की मां अंजलि ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही और परिवार को डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और न्याय की मांग की है।
Knews Desk – दिवाली के मौके पर नरेला इलाके में पटाखे जलाते समय 10 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की मां अंजलि के मुताबिक, उनका बेटा दूसरे बच्चों की तरह पटाखे जला रहा था। वह अनार और स्काई शॉट्स जैसे पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पीछे से आया एक पटाखा सीधे उसके सीने में लग गया। इससे उसकी धमनियां क्षतिग्रस्त हो गईं और उसे गंभीर चोट आई।
अंजलि के मुताबिक, घायल होने के बाद भी उनका बेटा सांस ले रहा था। परिवार उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा। उन्हें उम्मीद थी कि डॉक्टर इलाज करके बच्चे की जान बचा लेंगे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मां ने अस्पताल पर लगाए गंभीर आरोप
बच्चे की मौत के बाद मां अंजलि ने अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में उनके बेटे का ठीक से इलाज नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने इलाज करने के बजाय परिवार को डराने और धमकाने की कोशिश की।
अंजलि ने पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब उनका बेटा घायल हुआ था, तब वह सांस ले रहा था और परिवार उसे बचाने की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचा था।
पुलिस के मुताबिक, नरेला इलाके में 10 साल का बच्चा पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पीछे से आए पटाखे की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही के मां के आरोपों को लेकर परिवार की शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।