शेख हसीना के दिसंबर में लौटने के दावे पर बांग्लादेश का पलटवार, बताया राजनीतिक दिखावा

KNEWS DESK- बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बांग्लादेश सरकार ने उनके दावों पर सवाल उठाए हैं। सरकार ने हसीना की हालिया गतिविधियों को राजनीतिक दिखावा बताया है और कहा है कि फिलहाल उनके बांग्लादेश लौटने का कोई इरादा नजर नहीं आ रहा है। यह बयान उन खबरों के बीच आया है, जिनमें दावा किया गया कि हसीना ने भारत से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) मांगा है।

हसीना की वापसी को बताया राजनीतिक दिखावा

बांग्लादेश के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हसीना की वापसी को लेकर मीडिया में सामने आ रही खबरें राजनीतिक दिखावा हैं। उन्होंने कहा कि अगर हसीना वास्तव में बांग्लादेश लौटना चाहती हैं, तो उन्हें इसके लिए जरूरी कानूनी प्रक्रिया अपनानी चाहिए। हालांकि, उनके मुताबिक हसीना की ओर से ऐसा नहीं किया जा रहा है।

अमीनुल इस्लाम ने बताया कि उनका कार्यालय मंगलवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा, जिसमें हसीना की कानूनी स्थिति और पासपोर्ट से जुड़े मामले पर जानकारी दी जाएगी।

दिसंबर में लौटने की इच्छा जता चुकी हैं हसीना

शेख हसीना ने हाल ही में दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई थी। अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता छोड़ने के बाद वह भारत आ गई थीं। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसक कार्रवाई के मामले में विशेष न्यायाधिकरण ने 2024 में उनकी गैरमौजूदगी में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने इन आरोपों को खारिज किया है और मुकदमे की सुनवाई पर भी सवाल उठाए हैं।

पासपोर्ट देने से बांग्लादेश का इनकार

बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने पिछले गुरुवार को कहा था कि हसीना को पासपोर्ट या यात्रा के लिए कोई दस्तावेज जारी नहीं किया जाएगा। उन्होंने हसीना को भगोड़ा आतंकवादी और तानाशाह बताया था।

बांग्लादेश सरकार भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग भी कर चुकी है। भारत ने इस मांग के मिलने की पुष्टि की है, लेकिन उन्हें बांग्लादेश सौंपने पर कोई फैसला नहीं बताया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक मांग की तय प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है। ऐसे में हसीना की वापसी की इच्छा और बांग्लादेश सरकार के रुख में स्पष्ट अंतर नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *