अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से की बड़ी मांग, आधार और बायोमेट्रिक से वोटिंग जोड़ने पर दिया जोर

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने निष्पक्ष मतदान और फर्जी वोटिंग रोकने के लिए चुनाव आयोग से आधार को वोटिंग से जोड़ने समेत कई तकनीकी उपाय लागू करने की मांग की है। उन्होंने मतदाता पहचान के लिए मेटल कार्ड और बायोमेट्रिक सिस्टम अपनाने की भी बात कही।

Knews Desk – अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से मांग की है कि मतदाता सूचियों को आधार से जोड़ा जाए और मतदान केंद्रों पर बायोमेट्रिक रीडिंग उपकरण लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि इसे वैकल्पिक नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि सभी मतदाताओं को इसमें शामिल किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, तकनीक की मदद से चुनावी प्रक्रिया में होने वाली गड़बड़ियों को सुधारा जा सकता है और ये उपकरण बहुत महंगे भी नहीं हैं।

अखिलेश यादव ने कागज या प्लास्टिक की जगह मेटल कार्ड बनाए जाने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि इससे नकली कार्ड बनाए जाने की संभावना कम होगी। इसके साथ ही उन्होंने उंगलियों के निशान या आंखों से होने वाली बायोमेट्रिक पहचान अपनाने की बात कही। उनका कहना है कि ऐसी पहचान दो व्यक्तियों के लिए समान नहीं होती और इससे फर्जी वोटिंग पर रोक लगाई जा सकती है।

सपा नेता ने कहा कि नई तकनीक जैसे अंगूठे के निशान या फिंगरप्रिंट स्कैन का इस्तेमाल किया जाना चाहिए, ताकि कोई व्यक्ति दो जगह वोट न डाल सके और मतदाता सूची पूरी तरह सही रहे।

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर मतदाता सूचियों के ‘विशेष सघन पुनरीक्षण’ यानी SIR के जरिए “वोट फिक्सिंग” करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के काम लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करेंगे और संस्थाओं के प्रति जनता के भरोसे को कम करेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि अगर आधार को मतदाता सूची से नहीं जोड़ा जाता है तो चुनाव आयोग और बीजेपी के इरादों पर सवाल खड़े होते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि वे नहीं चाहते कि मतदाता सूचियों और मतदाताओं की सही पहचान हो सके।

अखिलेश यादव ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का दावा करते हुए दो उदाहरण भी दिए। उन्होंने कहा कि लखनऊ के सरोजिनी नगर में दशरथ नाम के एक ही व्यक्ति के नाम पर 100 से ज्यादा फॉर्म भर दिए गए। वहीं, विकास नाम के एक व्यक्ति का नाम कई पोलिंग बूथों की वोटर लिस्ट में दर्ज होने का भी उन्होंने दावा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *