एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग के एक चीनी बिजनेसवुमन के साथ कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को लेकर अमेरिका में हलचल मच गई है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस महिला के चीनी खुफिया तंत्र से संबंध होने की जांच अमेरिकी अधिकारियों ने की थी।
Knews Desk – विश्व की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को लेकर अमेरिका में खलबली मची हुई है। मामला तब और गंभीर हो गया जब जिस चीनी बिजनेसवुमन के साथ उनके कथित करीबी रिश्तों की बात सामने आई, उसके चीनी खुफिया तंत्र से जुड़े होने का संदेह जताया गया।
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की पिछले महीने प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, जेन्सेन हुआंग के एलिस हुआंग के साथ संबंध थे, जिसे जेन्सेन ने स्वीकार भी किया है। एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी ‘मेगास्पीड’ की पूर्व एग्जीक्यूटिव रह चुकी हैं। अमेरिकी अधिकारियों की जांच में कथित तौर पर सामने आया था कि उनके चीनी खुफिया तंत्र से संबंध थे।
यह अब तक साफ नहीं हो पाया है कि एलिस हुआंग और जेन्सेन हुआंग की पहली मुलाकात कब और कैसे हुई। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जून 2024 में दोनों को ताइपे के एक बार में एक-दूसरे के बगल में बैठे देखा गया था। उस दौरान वे ‘गीगाबाइट’ और ‘नेटथंडर’ के अधिकारियों के साथ ड्रिंक कर रहे थे। ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान एलिस हुआंग की कंपनी ‘मेगास्पीड’ ने कई अरब डॉलर की कीमत वाले अत्याधुनिक AI माइक्रोचिप्स खरीदने का सौदा किया।
मई 2025 में भी ताइपे के एक रेस्तरां के बाहर पत्रकारों से बात करते समय एनवीडिया के CEO के पीछे एलिस हुआंग को खड़े देखा गया था। इसके बाद ‘मेगास्पीड’ और एनवीडिया के बीच हुए सौदों पर वाशिंगटन की नजर पड़ गई। अमेरिकी अधिकारियों की जांच में कथित तौर पर यह सामने आया कि ‘मेगास्पीड’ की प्रमुख बीजिंग को जानकारी पहुंचा रही थीं।
‘द टाइम्स’ और ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, एक गोपनीय मेमो में दावा किया गया कि चीन के ‘मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी’ ने एलिस हुआंग को काम पर रखा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका मकसद एनवीडिया के प्रमुख के बारे में खुफिया जानकारी जुटाना और कंपनी पर दबाव बनाना था, ताकि वह अपने सबसे एडवांस चिप्स चीन को बेच सके।
AI की वैश्विक होड़ के बीच बाइडेन प्रशासन ने चीन को एनवीडिया के हाई-एंड चिप्स बेचने पर रोक लगा दी थी। हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद एनवीडिया के CEO ने चीन को चिप्स निर्यात करने पर लगे कड़े नियमों का विरोध किया।
जेन्सेन हुआंग के कथित अफेयर को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपनी हैलोवीन पार्टी में बात की। उन्होंने इस स्थिति को “बहुत जटिल” बताया और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जेन्सेन हुआंग के साथ सब ठीक होगा। हुआंग राष्ट्रपति की ‘विज्ञान और प्रौद्योगिकी सलाहकार परिषद’ के सदस्य हैं। ट्रंप ने उन्हें “स्मार्ट” और “अद्भुत” बताया है और जोर देकर कहा है कि उन्हें अपनी विदेशी यात्राओं में अपने साथ ले जाना चाहिए।