मनीष कश्यप ने दिवाली पर किया प्यार का खुलासा, 6 साल के रिश्ते के बाद अनुष्का संग शादी की तैयारी

बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने दिवाली के मौके पर अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने अनुष्का शर्मा के साथ वीडियो जारी कर अपने रिश्ते के बारे में जानकारी दी। दोनों ने बताया कि करीब 6 साल से उनका रिश्ता है और अब वे शादी करने जा रहे हैं।

Knews Desk – मनीष कश्यप और अनुष्का शर्मा की कुछ तस्वीरें हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आई थीं, जिसके बाद दोनों की उम्र और रिश्ते को लेकर सवाल उठे थे। अब दिवाली पर दोनों ने वीडियो जारी कर इन सवालों का जवाब दिया और अपने रिश्ते के बारे में जानकारी साझा की।

मनीष कश्यप ने बताया कि वह 34 साल के हैं, जबकि अनुष्का की उम्र 22 साल है। दोनों ने अपने रिश्ते के सफर के बारे में भी बात की और बताया कि उनका प्रेम संबंध करीब 6 साल से चल रहा है।

अनुष्का ने बताया ‘शिद्दत वाला प्यार’

वीडियो में अनुष्का ने मनीष कश्यप के लिए अपने प्यार को ‘शिद्दत वाला प्यार’ बताया। मनीष कश्यप के मुताबिक, अनुष्का ने साल 2020 में उन्हें पहला मैसेज किया था। उन्होंने बताया कि उस समय अनुष्का 11वीं कक्षा में पढ़ती थीं और उनकी उम्र नाबालिग होने की बात भी मनीष ने वीडियो में कही।

मनीष के अनुसार, इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी और वे वीडियो कॉल पर भी बात करते थे। अनुष्का ने कहा कि अगर किसी चीज को शिद्दत के साथ चाहो तो वह जरूर मिलती है।

मनीष कश्यप ने बताया कि उन्होंने अपने रिश्ते के बारे में अपनी मां को बताया और अनुष्का की तस्वीर दिखाई। उनके मुताबिक, तस्वीर देखने के बाद उनकी मां ने अनुष्का को पसंद कर लिया।

मनीष ने यह भी बताया कि उनकी और अनुष्का की तस्वीरें सामने आने के बाद कई मंत्रियों और नेताओं ने उन्हें फोन कर शुभकामनाएं दी हैं। अब दोनों के शादी के फैसले के बाद उनके रिश्ते की चर्चा सोशल मीडिया पर भी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *