समय रैना के ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के नए एपिसोड में राहिल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंदाज की मिमिक्री कर सबका ध्यान खींचा। शो में कुणाल कामरा के साथ वीडियो कॉल पर हुई बातचीत और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की नकल करने की कोशिश भी चर्चा में रही।
Knews Desk – स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ एक बार फिर चर्चा में है। शो के ताजा एपिसोड में राहिल नाम के कंटेस्टेंट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गेटअप में मंच पर एंट्री की और उनके अंदाज की मिमिक्री की। राहिल ने अपनी प्रस्तुति के दौरान प्रधानमंत्री के कुछ चर्चित पलों का भी जिक्र किया। उनके लुक और परफॉर्मेंस को देखकर पैनल में बैठे समय रैना और तन्मय भट्ट हैरान रह गए। पैनल में एमसी स्टैन भी मौजूद थे, जिन्होंने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था।
राहिल की परफॉर्मेंस के दौरान समय रैना ने कॉमेडियन कुणाल कामरा को वीडियो कॉल किया और उनकी बातचीत राहिल से कराई। प्रधानमंत्री की मिमिक्री कर रहे राहिल को देखकर कुणाल कामरा भी हैरान नजर आए। बातचीत के दौरान रुपये का भी जिक्र हुआ और दोनों के बीच मजेदार अंदाज में संवाद देखने को मिला।
यूपी के मुख्यमंत्री की मिमिक्री से पहले रोका
परफॉर्मेंस के आखिर में राहिल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की मिमिक्री करने की कोशिश की, लेकिन समय रैना ने उन्हें बीच में ही टोक दिया। शो में राहिल की प्रस्तुति को लेकर इंटरनेट पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया पर इस एपिसोड के क्लिप और परफॉर्मेंस को लेकर चर्चा हो रही है।
समय रैना का ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ इससे पहले भी विवादों में रह चुका है। शो को लेकर विवाद के बाद समय रैना के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी। हालांकि, बाद में उन्होंने वापसी की। हाल ही में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी समय रैना को सम्मानित किया था। अब शो के नए एपिसोड में राहिल की मिमिक्री और कुणाल कामरा के साथ बातचीत ने एक बार फिर इसे चर्चा में ला दिया है।