कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई शहरों में प्रदर्शन कर माफी की मांग की। दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा समेत करीब 200 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
Knews Desk- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर की गई कथित विवादित टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सोमवार को दिल्ली, जयपुर, पटना, भोपाल, कोलकाता और रांची समेत कई शहरों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने खरगे से माफी मांगने की मांग की।
दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में राजा जी मार्ग स्थित खरगे के आवास की ओर मार्च किया। प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे भी मौजूद रहे। प्रदर्शन में पूर्वांचल, युवा और ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए। पुलिस ने कुशक रोड मोड़ पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। इसके बाद सेना भवन के पास पुलिस ने हर्ष मल्होत्रा समेत करीब 200 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पांच बसों से मंदिर मार्ग थाने पहुंचाया।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री के पिता के लिए इस्तेमाल किए गए शब्दों को लेकर खरगे को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि माफी नहीं मांगने पर भाजपा का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। विनय सहस्त्रबुद्धे ने भी टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा।
भाजपा के अन्य नेताओं ने भी कांग्रेस पर व्यक्तिगत आक्षेप लगाने और राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भाटिया, महामंत्री मोहनलाल गिहारा, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा और युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी सहित कई नेताओं ने खरगे से माफी की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि जब तक कांग्रेस अध्यक्ष माफी नहीं मांगते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि देश में जहां भी खरगे सार्वजनिक कार्यक्रम करेंगे, वहां उनसे जवाब मांगा जाएगा।
उधर, रांची में भाजपा महानगर के कार्यकर्ताओं ने शहीद चौक स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।