CBFC Data Leak: केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के ई-सिनेप्रमाण पोर्टल से 500 से अधिक प्रोजेक्ट्स से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज ऑनलाइन लीक होने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लीक हुए दस्तावेजों में रिलीज नहीं हुई फिल्मों की स्क्रिप्ट, सेंसर कट से जुड़ी जानकारी और डिस्ट्रीब्यूशन एग्रीमेंट शामिल हैं। हालांकि, फिल्मों की वास्तविक वीडियो फाइलें लीक नहीं होने की बात कही गई है। इस घटना ने फिल्म निर्माताओं की गोपनीयता और कारोबारी हितों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Knews Desk – रिपोर्ट्स के अनुसार, डेटा लीक में कई दर्जन फीचर फिल्मों से जुड़े दस्तावेज भी शामिल हैं। इनमें रिलीज से पहले की फिल्मों की स्क्रिप्ट और सेंसर बोर्ड की ओर से सुझाए गए कट्स या बदलाव से संबंधित जानकारी होने का दावा किया गया है। फिल्मों की कहानी, अहम दृश्य और सस्पेंस से जुड़ी जानकारी समय से पहले सार्वजनिक होने पर निर्माताओं को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इससे दर्शकों के अनुभव और फिल्मों की मार्केटिंग पर भी असर पड़ सकता है।
‘द हिंदू’ की रिपोर्ट के मुताबिक, लीक हुए दस्तावेजों में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म प्रोजेक्ट्स से जुड़े निजी डिस्ट्रीब्यूशन कॉन्ट्रैक्ट और लाइसेंसिंग फीस की जानकारी भी शामिल है। इन दस्तावेजों में रेवेन्यू शेयरिंग, यानी कमाई के बंटवारे का फॉर्मूला, बौद्धिक संपदा (IP) से जुड़ी शर्तें और प्रोडक्शन हाउस व डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच हुए कारोबारी समझौते शामिल हो सकते हैं।
फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे समझौतों को व्यावसायिक रूप से बेहद गोपनीय रखा जाता है। इनकी जानकारी सार्वजनिक होने से संबंधित कंपनियों की कारोबारी रणनीति और भविष्य की बातचीत प्रभावित होने का खतरा पैदा हो सकता है।
क्या है ई-सिनेप्रमाण पोर्टल?
ई-सिनेप्रमाण केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड का ऑनलाइन सिस्टम है। फिल्म निर्माता और प्रोडक्शन हाउस फिल्मों के सेंसर सर्टिफिकेट के लिए इसी पोर्टल के माध्यम से आवेदन करते हैं। इस प्रक्रिया में फिल्म से संबंधित स्क्रिप्ट और विभिन्न कानूनी व व्यावसायिक दस्तावेज जमा करने पड़ सकते हैं।
ऐसे में पोर्टल से संवेदनशील दस्तावेज लीक होने की खबर ने डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
रिपोर्ट में राहत की बात यह बताई गई है कि किसी भी फिल्म की वास्तविक वीडियो फाइल लीक होने की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, स्क्रिप्ट, सेंसर कट और कारोबारी समझौतों जैसे दस्तावेजों का ऑनलाइन उपलब्ध होना भी निर्माताओं के लिए चिंता का विषय है।
बताया गया है कि संवेदनशील दस्तावेज कुछ समय तक डिजिटल आर्काइविंग प्लेटफॉर्म्स पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध रहे। इस मामले में डेटा लीक की सीमा, सुरक्षा में चूक के कारण और प्रभावित प्रोजेक्ट्स को हुए संभावित नुकसान से जुड़े सवाल अहम बने हुए हैं।