Knews Desk- दिल्ली में यमुना नदी पर क्रूज सेवा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सोनिया विहार से जगतपुर तक विकसित की जा रही यमुना रिवर सफारी का ट्रायल रन और निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति, संचालन व्यवस्था और यात्रियों के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना से दिल्लीवासियों का भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव है। यह सेवा पर्यटन और मनोरंजन के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार को भी बढ़ावा दे सकती है। करीब 6 किलोमीटर के जलमार्ग पर विकसित हो रही इस परियोजना में फूड कियोस्क, रेस्टोरेंट, बच्चों के लिए किड्स जोन और अन्य जनसुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
अधिकारियों के मुताबिक, क्रूज में एक बार में 30 यात्री सफर कर सकेंगे। सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक आने-जाने की यात्रा लगभग 35 से 45 मिनट की होगी। परिसर में प्रवेश शुल्क 50 रुपये और पूरी क्रूज यात्रा का प्रस्तावित किराया 500 रुपये रखा गया है।
क्रूज सेवा का ट्रायल करीब एक सप्ताह तक चलाने की योजना है। इसके बाद नवंबर के पहले सप्ताह में औपचारिक शुरुआत की तैयारी है। अंतिम तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। मुख्यमंत्री ने छठ महापर्व से पहले सेवा शुरू करने की योजना भी बताई।
परियोजना में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, DDA, दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड सहित कई एजेंसियां शामिल हैं। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि योजना में बोट राइड, म्यूजिक फाउंटेन, वाटर स्पोर्ट्स और फूड पार्क जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं। सरकार ने पर्यटन विकास के साथ यमुना की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के मानकों का पालन करने पर जोर दिया है।