कमरतोड़ महंगाई और वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष का हमला, 1 नवंबर को दिल्ली में होगी महा रैली

Knews Desk- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महंगाई और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महा रैली आयोजित करने का ऐलान किया। खरगे ने लोगों से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

खरगे ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि त्योहारों के मौसम में लोग कमरतोड़ महंगाई से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर वोट चोरी हुई है और अब भी हो रही है। खरगे के मुताबिक, इससे करोड़ों भारतीयों के मतदान के संवैधानिक अधिकार पर खतरा पैदा हो गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि यह सब प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के कहने पर किया गया। उन्होंने बताया कि विपक्षी दलों की प्रमुख मांगों में ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को तत्काल रोकना शामिल है। खरगे ने कहा कि इसी मुद्दे पर 1 नवंबर को रामलीला मैदान में महा रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने जनता से इस मुहिम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की। अपने संदेश के अंत में उन्होंने ‘जय संविधान, जय हिंद’ का नारा भी दिया।

विपक्ष की इस रैली में महंगाई, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता जैसे मुद्दे प्रमुख रहने की संभावना है। हालांकि, वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी को लेकर खरगे द्वारा लगाए गए आरोप उनके राजनीतिक बयान का हिस्सा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *