Knews Desk- उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रही गाड़ियों की टक्कर के मामले में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है। यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर बनाई गई टीम हादसे के कारणों, परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक की जांच करेगी।
26 अक्टूबर 2026 को राहुल गांधी के सुल्तानपुर दौरे के दौरान एक्सप्रेसवे पर 91 किलोमीटर माइलस्टोन के पास काफिले के पीछे चल रही पांच गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गई थीं। हादसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और सुरक्षा से जुड़े लोगों के घायल होने की खबर सामने आई थी। राहुल गांधी सुरक्षित बताए गए थे।
तीन सदस्यीय SIT की अध्यक्षता लखनऊ रेंज की IG किरण एस करेंगी। टीम में सुल्तानपुर के ASP बृज नारायण सिंह और यातायात के DSP राम कृष्ण चतुर्वेदी को सदस्य बनाया गया है। टीम को जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच दल दुर्घटना के कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल करेगा। इसके साथ ही काफिले की सुरक्षा, एस्कॉर्ट और यातायात प्रबंधन में किसी तरह की चूक हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। SIT भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुझाव भी देगी।
राहुल गांधी 26 अक्टूबर को सुल्तानपुर की विशेष MP-MLA अदालत में मानहानि मामले का फैसला सुनने पहुंचे थे। यह मामला 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अमित शाह पर की गई टिप्पणी से जुड़ा था। स्थानीय बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने 4 अगस्त 2018 को शिकायत दर्ज कराई थी। अदालत ने उसी दिन राहुल गांधी को बरी कर दिया। लखनऊ से सुल्तानपुर जाते समय ही उनके काफिले के पीछे चल रही गाड़ियों की टक्कर हुई थी।