Knews Desk- बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में राजस्थान की कोटा सिटी पुलिस ने तीन मुख्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इनमें हरियाणा के सोनीपत का रेहान उर्फ सुख्खा, बिहार के बेगूसराय का ऋतिक उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस का कहना है कि तीनों मुंबई से दिल्ली की ओर जा रहे थे और वहां से नेपाल भागने की फिराक में थे। कोटा रेलवे स्टेशन पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रेन की तलाशी लेकर तीनों को पकड़ लिया। अब आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें मुंबई पुलिस को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले के संदिग्ध ट्रेन से सफर कर रहे हैं और कोटा पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर तलाशी अभियान चलाया गया और करीब 15 मिनट के भीतर तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया। तीनों पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में रेहान उर्फ सुख्खा को मुख्य शूटर बताया जा रहा है। रिपोर्ट में उसके लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की बात कही गई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। दूसरे आरोपी ऋतिक उर्फ रोशन का संबंध बिहार के बेगूसराय से बताया गया है, जबकि तीसरा आरोपी नाबालिग है और हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला बताया गया है। मामले में इनकी सटीक भूमिका और अन्य लोगों से संबंधों की जांच की जा रही है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि राजस्थान पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ा गया है। उनके मुताबिक, फायरिंग के बाद आरोपी सूरत की ओर भागे थे और फिर पुणे-जयपुर ट्रेन में सवार हुए। मुंबई पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रैक करने के बाद राजस्थान पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद कोटा स्टेशन पर कार्रवाई की गई। फडणवीस ने कहा कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मुंबई पुलिस आरोपियों को अपनी कस्टडी में लेकर आगे की जांच करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हमले के पीछे की साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जाएगा।इस मामले में अभी तक फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद नहीं हुए हैं। एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में रेहान के अनिल पंडित के संपर्क में होने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियां कथित तौर पर सिग्नल और टेलीग्राम जैसे ऐप के जरिए हुई बातचीत, संदेशों और लोकेशन साझा किए जाने की पड़ताल कर रही हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हमले की योजना और आरोपियों के बीच संपर्कों को समझने की कोशिश की जा रही है।
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ के घर और जिम की करीब 10 दिनों तक रेकी की थी। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर उपलब्ध पापराजी और ब्लॉगर्स के वीडियो के जरिए अभिनेता के आने-जाने की जानकारी जुटाई गई। आरोप है कि ऋतिक ने मुंबई में मौजूद रहते हुए अन्य संदिग्धों को जरूरी मदद उपलब्ध कराई थी, जबकि नाबालिग को भी कथित साजिश में शामिल किया गया। इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।फिलहाल, मुंबई पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। अधिकारियों का उद्देश्य फायरिंग में इस्तेमाल हथियार बरामद करना, कथित हैंडलर की भूमिका स्पष्ट करना और यह पता लगाना है कि घटना के पीछे कौन लोग शामिल थे। तीनों संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर सबकी नजर है।