‘कमजोर सरकारें पुलिस को आगे करती हैं’, दिल्ली प्रदर्शन पर अखिलेश यादव का केंद्र पर हमला

Knews Desk– दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी प्रदर्शन के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनाव आयोग की निष्पक्षता बनाए रखने की बात कही।

समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। सैफई में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर उन्होंने कहा कि कमजोर सरकारें पुलिस को आगे करती हैं।

अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि जब मुख्य चुनाव आयुक्त पर सवाल उठ रहे हैं, तो भारतीय जनता पार्टी चुनाव आयोग के साथ क्यों खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकारें कमजोर होने पर अन्याय का रास्ता अपनाती हैं। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग के कामकाज पर केवल CJP ही नहीं, बल्कि देश की कई राजनीतिक पार्टियां भी सवाल उठाती रही हैं।

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को संवैधानिक संस्था बताते हुए कहा कि उसकी जिम्मेदारी निष्पक्ष फैसले लेना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी विश्वसनीयता बनाए रखना है। उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे पर युवा ही नहीं, बल्कि विभिन्न राजनीतिक दल भी एकजुट हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्ष तरीके से काम करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग की।

इस दौरान अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि भी दी। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव का जीवन समाजवादी सिद्धांतों और गरीबों व पिछड़े वर्गों के अधिकारों तथा सम्मान के लिए संघर्ष को समर्पित था।

अखिलेश यादव ने कहा कि उनके विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कमजोर लोगों का हाथ थामने, उन्हें साथ लेकर चलने और उनका हौसला बढ़ाने की बात भी कही। मुलायम सिंह यादव की याद में बन रहे सोशलिस्ट म्यूजियम में उनके कार्यों, फैसलों और जीवन यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *