दिल्ली के बाजार बंद, CJP प्रदर्शन से 2,000 करोड़ के नुकसान का अनुमान

Knews Desk– दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ घोषित CJP के प्रदर्शन के चलते सदर बाजार, चांदनी चौक, कनॉट प्लेस और करोल बाग समेत कई प्रमुख बाजारों में कारोबार प्रभावित हुआ। व्यापारियों के मुताबिक, एक दिन में करीब 2,000 करोड़ रुपये के व्यापारिक नुकसान का अनुमान है।

दिल्ली में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के चलते राजधानी के कई प्रमुख बाजारों में कारोबार प्रभावित रहा। सदर बाजार, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, कनॉट प्लेस, करोल बाग, लाजपत राय मार्केट और भागीरथ प्लेस जैसे बड़े बाजारों को बंद करना पड़ा। व्यापारियों के अनुसार, इस स्थिति से करीब 2,000 करोड़ रुपये का व्यापारिक नुकसान होने का अनुमान है। कड़ी पुलिस सुरक्षा, यातायात संबंधी परेशानियों और प्रदर्शन के कारण दिल्ली के अन्य बाजारों में भी कामकाज लगभग ठप रहा। बताया गया कि दिल्ली के बाहर से रोजाना तीन से चार लाख लोग खरीदारी के लिए आते हैं, लेकिन शनिवार को वे राजधानी नहीं पहुंच सके। सुरक्षा और जाम की आशंका के चलते स्थानीय लोग भी खरीदारी के लिए बाहर नहीं निकले। मेट्रो स्टेशनों के बंद रहने से आवाजाही पर भी असर पड़ा।

इसके अलावा होटल, रेस्त्रां, सिनेमा हॉल, ब्यूटी पार्लर और सैलून में बुकिंग रद्द होने की जानकारी सामने आई। कारोबार प्रभावित होने से विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। खान मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव मेहरा ने बताया कि एसोसिएशन ने खुद बाजार बंद रखने का फैसला किया था। उन्होंने कहा कि खान मार्केट उन शुरुआती बाजारों में शामिल है, जो आसपास प्रदर्शनकारियों को रोके जाने पर प्रभावित हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में दुकानों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है।

मेहरा के मुताबिक, खान मार्केट, कनॉट प्लेस और साउथ एक्सटेंशन जैसे प्रमुख बाजारों में दुकानें बंद रहने के बावजूद किराया और कर्मचारियों के वेतन जैसे खर्च जारी रहते हैं। एक दिन दुकान बंद रहने से प्रति दुकान एक से डेढ़ लाख रुपये तक का नुकसान हो सकता है। फल और किराने जैसी जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं के कारण नुकसान और बढ़ सकता है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे प्रदर्शन के तरीकों पर पुनर्विचार करें और व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों से दूर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *