सलमान खान ने सोशल मीडिया के जरिए अपने नए यूट्यूब चैनल की जानकारी दी है। चैनल पर शुरुआती तौर पर छोटे-छोटे वीडियो शेयर किए गए हैं। अब फैंस को भाईजान की जिंदगी और काम से जुड़ी अनदेखी झलकियां मिलने की उम्मीद है।
Knews Desk – फिल्मों और टीवी शो के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने वाले सुपरस्टार सलमान खान ने डिजिटल दुनिया में एक नई शुरुआत की है। अभिनेता ने अपना आधिकारिक यूट्यूब चैनल लॉन्च किया है। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को चैनल की घोषणा के बाद इसे फैंस का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और रिपोर्ट के मुताबिक, करीब एक घंटे में ही इसके 15 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हो गए।
सलमान खान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर अपने नए चैनल की जानकारी दी। वीडियो में वह एल्फाबेट सुनाते नजर आए और फिर चैनल के पीछे के आइडिया की झलक दी। उनके संदेश से संकेत मिलता है कि यह चैनल किसी एक तरह के कंटेंट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें उनकी जिंदगी के अलग-अलग पहलुओं को देखने का मौका मिल सकता है।
सलमान के यूट्यूब चैनल के बायो में लिखा है, “फिल्म एक्टर। आर्टिस्ट। पेंटर। समाजसेवी। यह मेरा ऑफिशियल चैनल है।” चैनल लॉन्च के समय इस पर 10 शॉर्ट्स मौजूद थे। शुरुआती वीडियो छोटे और हल्के-फुल्के अंदाज में बनाए गए हैं। हालांकि, अभिनेता ने अभी तक यह नहीं बताया है कि चैनल पर किस तरह के वीडियो नियमित रूप से पोस्ट किए जाएंगे।
फैंस को उम्मीद है कि सलमान खान अपने चैनल पर निजी जिंदगी से जुड़े अपडेट, शूटिंग के दौरान की झलकियां, फिल्मों का प्रमोशनल कंटेंट और पर्दे के पीछे के कुछ खास पल साझा कर सकते हैं। हालांकि, इस तरह के कंटेंट को लेकर अभी कोई आधिकारिक शेड्यूल सामने नहीं आया है।

सलमान खान से पहले भी कई बॉलीवुड सितारे यूट्यूब पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं। आलिया भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा, नोरा फतेही, जैकलीन फर्नांडीज, वरुण धवन, शिल्पा शेट्टी कुंद्रा, अर्चना पूरन सिंह और फराह खान जैसे सितारे व्लॉग, ट्रैवल वीडियो, फिटनेस टिप्स, कुकिंग कंटेंट और बिहाइंड-द-सीन फुटेज साझा करते हैं। अब सलमान खान के चैनल पर भी फैंस की नजरें टिकी हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों ‘बिग बॉस 20’ होस्ट कर रहे हैं। वहीं, फिल्मों में वह जल्द ही ‘मातृभूमि’ में नजर आएंगे। इस फिल्म का पहले नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ था। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं। अब देखना होगा कि सलमान खान अपने नए यूट्यूब चैनल पर फैंस के लिए किस तरह का कंटेंट लेकर आते हैं।