KNEWS DESK- DSSSB Vacancy 2026: दिल्ली में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए मौका है। दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड ने चौकीदार और सफाई कर्मचारी के कुल 25 पदों पर भर्ती निकाली है। आवेदन प्रक्रिया 13 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
दिल्ली में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) ने चौकीदार और सफाई कर्मचारी के पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 25 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें चौकीदार के 15 और सफाई कर्मचारी के 10 पद शामिल हैं। इन पदों पर नियुक्ति दिल्ली के जिला एवं सत्र न्यायालय में की जाएगी। आवेदन की प्रक्रिया 13 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। योग्य उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट dsssb.delhi.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
25 पदों पर होगी भर्ती
DSSSB की ओर से जारी भर्ती के तहत ग्रुप सी के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है। चौकीदार: 15 पद सफाई कर्मचारी: 10 पद चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित पे स्केल के अनुसार वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा सरकारी नियमों के तहत लागू अन्यभत्तों और सुविधाओं का लाभ भी मिल सकता है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। OBC वर्ग के उम्मीदवारों को तीन साल, जबकि SC/ST वर्ग के उम्मीदवारों को पांच साल की छूट मिलेगी।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
इस भर्ती के लिए सामान्य आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। हालांकि, महिला, SC, ST और दिव्यांग (PwBD) वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। इन श्रेणियों के अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
चौकीदार और सफाई कर्मचारी के पदों पर उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा में कुल 100 ऑब्जेक्टिव सवाल पूछे जाएंगे। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान और अंकगणित से 25-25 प्रश्न शामिल होंगे। लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर कुल रिक्त पदों की संख्या के 10 गुना उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू कुल 15 अंकों का होगा। इसका आयोजन जिला एवं सत्र न्यायालय कार्यालय की ओर से किया जाएगा।
परीक्षा में पास होने के लिए कितने अंक जरूरी?
लिखित परीक्षा में सफल होने के लिए सामान्य और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को कम से कम 50 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। वहीं, OBC (दिल्ली), SC, ST, PwBD और ESM वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम निर्धारित अंक 45 प्रतिशत हैं। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक काटे जाएंगे। ऐसे में उम्मीदवारों को सवालों के जवाब देते समय सावधानी बरतनी होगी।
कैसे करें ऑनलाइन आवेदन?
योग्य उम्मीदवार DSSSB की आधिकारिक वेबसाइट dsssb.delhi.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया 13 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि फॉर्म भरने से पहले भर्ती से संबंधित आधिकारिक अधिसूचना ध्यान से पढ़ लें और शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क तथा चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी शर्तों की पुष्टि कर लें।