10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन रद्द करने का फैसला लिया है। यात्रियों को सफर पर निकलने से पहले ट्रेन का स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है।
Knews Desk- दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास यातायात प्रभावित होने की आशंका है। संभावित ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो सकती है।
रेलवे के आदेश के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली उन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचना था। जानकारी के अनुसार, पीछे से आने वाली कुछ ट्रेनों को गाजियाबाद और आनंद विहार रेलवे स्टेशनों पर रोका जाएगा।
इस फैसले का असर प्रतिदिन यात्रा करने वाले करीब 75 हजार यात्रियों पर पड़ने की संभावना है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रोजाना लगभग 50 हजार यात्री सफर करते हैं, जबकि हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर यह संख्या करीब 25 हजार है। इन दोनों स्टेशनों से प्रतिदिन लगभग 200 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित होती हैं।
यात्रा से पहले ऐसे चेक करें ट्रेन का स्टेटस
अगर आप 10 अक्टूबर को ट्रेन से यात्रा करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रेन के संचालन, समय और मौजूदा स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। इसके लिए रेलवे ने यात्रियों को 139 हेल्पलाइन नंबर, रेल मदद सेवा और नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
ट्रेन की स्थिति जानने के लिए अपने मोबाइल में NTES ऐप खोलें। इसके बाद ‘Spot Your Train’ विकल्प पर जाएं और ट्रेन का नाम या नंबर दर्ज करें। यात्रा की तारीख चुनकर सर्च करने पर ट्रेन की मौजूदा लोकेशन, पिछले स्टेशन, अगले स्टेशन और संभावित आगमन समय की जानकारी मिल सकती है।
रेलवे की वेबसाइट से भी कर सकते हैं जांच
यात्री मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउजर में रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर भी ट्रेन की स्थिति देख सकते हैं। वेबसाइट पर ‘Spot Your Train’ विकल्प चुनकर ट्रेन नंबर और यात्रा की तारीख दर्ज करनी होगी। इसके बाद ट्रेन से जुड़ी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं होने पर यात्री 139 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करके भी जानकारी ले सकते हैं।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।