KNEWS DESK- दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
फायर कंट्रोल रूम को दोपहर करीब 3:15 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों की मदद से अब तक दो बच्चों को मलबे से बाहर निकाला गया है। जानकारी के मुताबिक, इमारत करीब 25 गज जमीन पर बनी थी। इसके निचले हिस्से में दुकानें थीं, जबकि ऊपर चार मंजिलें बनी हुई थीं। बताया जा रहा है कि यह इमारत पिछले साल ही बनाई गई थी।
हादसे के बाद 15 से ज्यादा लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। इमारत के मालिक और उसके परिवार के कुछ लोगों के भी मलबे में दबे होने की आशंका है। फिलहाल पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीमें मलबा हटाने और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटी हैं। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।