सत्ता में 25 साल पूरे, PM मोदी ने 2047 का टारगेट किया सेट

Knews Desk– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में 25 साल पूरे होने के मौके पर दिल्ली में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित किया। उन्होंने जनता के लगातार समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि 25 वर्षों में जनता ने उन्हें लोकसभा और विधानसभा चुनावों के जरिए सेवा का अवसर दिया। पीएम मोदी ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प भी दोहराया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेते समय उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्षों की सतत सेवा पूरी करेंगे। उन्होंने इसे जनता के निरंतर आशीर्वाद का परिणाम बताया और देशवासियों, बीजेपी, NDA और लोकतंत्र में आस्था रखने वाले सभी राजनीतिक सहयोगियों के प्रति आभार जताया। पीएम मोदी ने कहा कि 25 वर्षों के दौरान कई चुनाव हुए। चाहे विधानसभा चुनाव हों या लोकसभा चुनाव, जनता ने उन्हें अपनी सेवा के लिए चुना। उन्होंने भारत के लोकतंत्र और संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त किया और सेवा ज्योति यात्रा में शामिल नागरिकों का भी अभिनंदन किया।

पीएम मोदी ने कहा कि देश ने उन्हें बहुत कुछ दिया है, इसलिए देश के प्रति उनका दायित्व भी सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि 25 वर्षों का जनविश्वास और अनुभव बड़ी पूंजी है और यह केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे देश की पूंजी है। उन्होंने अपने बचपन को याद करते हुए कहा कि वडनगर के स्कूल में पढ़ाई के दौरान उनमें सीखने की ललक थी और आज भी वह खुद को विद्यार्थी मानते हैं। पीएम ने कहा कि जीवन में जिन लोगों ने उनका समर्थन किया, उनसे उन्हें विश्वास की शक्ति मिली, जबकि विरोध और आलोचना ने उन्हें लोकतंत्र और आत्ममंथन की सीख दी।

पीएम मोदी ने कहा कि हर संकट ने उनके धैर्य की परीक्षा ली और हर सफलता ने उनके दायित्व को बढ़ाया। उन्होंने बड़े लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प दोहराया और 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने के लक्ष्य पर जोर दिया।

इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने शौचालय निर्माण और उज्ज्वला योजना जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और सम्मान को लेकर कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने 16 करोड़ लखपति दीदियों का भी उल्लेख किया और महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए गए कार्यों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *