KNEWS DESK- WhatsApp पुराने Android और iOS सॉफ्टवेयर वाले डिवाइस पर लॉगिन रोकने की तैयारी कर रहा है। कुछ यूजर्स को ऐप खोलने या लॉगिन करने से पहले फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट करने का मैसेज दिखाई दे रहा है।
WhatsApp यूजर्स के लिए जल्द ही एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कंपनी ऐसे Android और iOS डिवाइस पर WhatsApp का लॉगिन रोकने की तैयारी कर रही है, जिनमें ऑपरेटिंग सिस्टम का पुराना वर्जन चल रहा है। फिलहाल इस बदलाव की टेस्टिंग सीमित संख्या में यूजर्स के साथ की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ Android और iPhone यूजर्स को WhatsApp पर लॉगिन करने के दौरान एक नया स्क्रीन मैसेज दिखाई दे रहा है। इसमें यूजर्स को पहले अपने फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट करने के लिए कहा जा रहा है। इसके लिए फोन की सेटिंग्स में जाकर उपलब्ध लेटेस्ट सॉफ्टवेयर अपडेट को इंस्टॉल करना होगा। इसके बाद ही WhatsApp का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
इसका मतलब है कि अगर किसी यूजर के डिवाइस पर यह मैसेज दिखाई देता है तो वह इसे नजरअंदाज करके सीधे WhatsApp में लॉगिन नहीं कर पाएगा। पहले उसे फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट करना होगा। खास बात यह है कि इस बदलाव के लिए यूजर को जरूरी तौर पर WhatsApp का नया वर्जन डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। बताया जा रहा है कि यह बदलाव सर्वर की तरफ से किया जा रहा है। ऐसे में अगर कंपनी किसी यूजर के अकाउंट पर यह सुविधा लागू करती है तो WhatsApp को अपडेट किए बिना भी उसके फोन पर यह स्क्रीन दिखाई दे सकती है। हालांकि, WhatsApp ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि Android और iOS के किन खास वर्जन पर लॉगिन को ब्लॉक किया जाएगा। फिलहाल यह फीचर केवल कुछ चुनिंदा अकाउंट्स पर ही दिखाई दे रहा है, इसलिए सभी यूजर्स पर इसका असर पड़ना अभी तय नहीं है।
इस बदलाव के पीछे डिवाइस की सुरक्षा को बड़ी वजह माना जा रहा है। पुराने Android और iOS वर्जन में नए सिक्योरिटी अपडेट और सुरक्षा पैच उपलब्ध नहीं होते। ऐसे में पुराने सॉफ्टवेयर पर चलने वाले डिवाइस पहले से सामने आ चुके सुरक्षा खतरों के प्रति ज्यादा संवेदनशील हो सकते हैं।
WhatsApp यूजर्स से अपने फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट रखने के लिए कह रहा है, ताकि ऐप इस्तेमाल करने वाले डिवाइस में जरूरी सुरक्षा सुधार मौजूद रहें। अगर आपके फोन पर भी WhatsApp लॉगिन से पहले ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट करने का मैसेज दिखाई देता है तो फोन की सेटिंग्स में जाकर उपलब्ध सॉफ्टवेयर अपडेट को चेक करना होगा।