KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों को 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए बड़ा दावा किया है। लखनऊ में सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कल हुए राज्यसभा चुनाव ने संकेत दे दिया है कि विधानसभा चुनाव का परिणाम क्या होने जा रहा है।
सीएम योगी ने कहा, “यह लड़ाई 80-20 की फिर आ गई है… 80 फीसदी एनडीए में और 20 फीसदी पीडीए में।” उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के चुनावी नैरेटिव से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बीजेपी के आठ और समाजवादी पार्टी के दो उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन तय है। औपचारिक घोषणा नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद होगी।
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 सालों का भी जिक्र किया। उन्होंने इसे ‘गांव से ग्लोबल’ और ‘जनसेवा से राष्ट्र सेवा’ की यात्रा बताया। योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और मुश्किल परिस्थितियों के बीच गुजरात को मॉडल के तौर पर विकसित किया।
उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ की स्थिति थी, जबकि अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ जैसे अभियानों से नई पहचान बन रही है।
उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं से सेवा ज्योति को विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाने और प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा तथा विकसित भारत के संकल्प को जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया।