KNEWS DESK- विराट कोहली को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 5 करोड़ रुपये के दावे पर अब उनकी ओर से सफाई सामने आई है। विराट कोहली के प्रवक्ता ने इस दावे को पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद बताया है। प्रवक्ता ने कहा कि प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए विराट कोहली को 5 करोड़ रुपये मिलने की बात में कोई सच्चाई नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह दावा फलाहारी महाराज के नाम से चर्चित दिनेश शर्मा ने किया था। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दावा किया था कि राजस्थान की एक निजी कंपनी ने विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के आश्रम ले जाने के लिए कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ 2023 में पहली बार वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे थे।
अब विराट कोहली के प्रवक्ता ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि दिनेश शर्मा की ओर से विराट कोहली को लेकर किए गए दावे पूरी तरह झूठे और निराधार हैं। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि विराट कोहली की प्रेमानंद महाराज में गहरी आस्था और सम्मान है और इसी वजह से वह उनसे मिलने जाते हैं।
प्रवक्ता ने मीडिया से अपील की कि ऐसे दावों को आगे बढ़ाने से पहले तथ्यों की जांच की जाए और जिम्मेदारी के साथ रिपोर्टिंग की जाए।