KNEWS DESK- राजस्थान की मशहूर दाल-बाटी को अगर आप थोड़ा अलग और ज्यादा प्रोटीन वाला बनाना चाहते हैं तो मूंग दाल बाटी ट्राई कर सकते हैं। शेफ अरुणा विजय ने पारंपरिक बाटी में मूंग दाल का ट्विस्ट दिया है। खास बात यह है कि इसे सीधे आंच पर सेंकने के बजाय अप्पे पैन में आसानी से तैयार किया जा सकता है।

राजस्थानी दाल-बाटी सिर्फ एक पारंपरिक व्यंजन नहीं है, बल्कि राजस्थान की संस्कृति और खानपान से भी गहराई से जुड़ी हुई है। राजस्थान घूमने आने वाले लोग भी इस देसी डिश का स्वाद जरूर लेना पसंद करते हैं। देसी घी में तैयार बाटी और गरमा-गरम पंचमेल दाल का स्वाद अपने आप में खास होता है। आमतौर पर बाटी को पंचमेल दाल के साथ परोसा जाता है, जिससे इसमें प्रोटीन की अच्छी मात्रा मिलती है। लेकिन अब आप बाटी को भी प्रोटीन से भरपूर बना सकते हैं। शेफ अरुणा विजय ने मूंग दाल का इस्तेमाल करके बाटी का एक नया वर्जन तैयार किया है। इसमें मूंग दाल को बाटी के आटे में शामिल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं। इस रेसिपी की एक और खास बात यह है कि बाटी को पारंपरिक तरीके से सीधे आंच पर सेंकने की जरूरत नहीं है। इसे अप्पे पैन की मदद से आसानी से बनाया जा सकता है। फैमिली के लिए किसी खास मौके पर इसे बनाया जा सकता है या मेहमानों को भी सर्व किया जा सकता है।
मूंग दाल बाटी के लिए सामग्री
- पीली मूंग दाल 1 कप, भिगोई हुई
- पानी जरूरत के अनुसार
- घी 2 बड़े चम्मच
- अजवाइन 1 छोटा चम्मच
- हींग एक चुटकी
- हरी मिर्च 12, बारीक कटी हुई
- हल्दी पाउडर ½ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर 1 छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर 1½ छोटी चम्मच
- जीरा पाउडर ½ छोटी चम्मच
- नमक स्वादानुसार
- ताजा हरा धनिया 2 बड़े चम्मच, कटा हुआ
- गेहूं का आटा 1 कप
पंचमेल दाल के लिए सामग्री
- हरी मूंग दाल ½ कप
- अरहर दाल ⅓ कप
- मसूर दाल ⅓ कप
- चना दाल 3 बड़े चम्मच
- उड़द दाल 2 बड़े चम्मच
- पानी 1½ कप
दाल के तड़के के लिए सामग्री
- देसी घी 1½ बड़े चम्मच
- हींग ½ छोटा चम्मच
- सूखी लाल मिर्च 23
- हल्दी पाउडर 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर 1 छोटा चम्मच
- कुटा हुआ लहसुन 1½ छोटा चम्मच
- नमक स्वादानुसार
- ताजा हरा धनिया काफी सारा
- नींबू का रस जरूरत के अनुसार
ऐसे तैयार करें मूंग दाल बाटी
सबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल का अतिरिक्त पानी निकाल लें। इसके बाद दाल को मिक्सर या सिलबट्टे की मदद से दरदरा पीस लें। दाल को बहुत बारीक पीसने के बजाय हल्का दरदरा रखना बेहतर रहेगा।
अब एक बड़े बर्तन में पिसी हुई दाल निकालें। इसमें घी, अजवाइन, हींग, हरी मिर्च, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, नमक और ताजा हरा धनिया डालें। इसके बाद गेहूं का आटा मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह गूंथ लें।
तैयार आटे की लोई बनाकर उसे रोटी की तरह बेलें। इसके ऊपर घी लगाएं और छोटे रोल तैयार करें। अब इन रोल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
इसके बाद कटे हुए टुकड़ों को हल्का सा ऊपर की तरफ आकार दें। अप्पे पैन में थोड़ा घी डालकर इन टुकड़ों को मध्यम आंच पर चारों तरफ से अच्छी तरह पकाएं। बाटी बाहर से अच्छी तरह सिक जाए और अंदर तक पक जाए, इसका ध्यान रखें।
https://www.instagram.com/reels/DeHAo2Lzpfu/
ऐसे बनाएं पंचमेल दाल
पंचमेल दाल तैयार करने के लिए हरी मूंग दाल, अरहर दाल, मसूर दाल, चना दाल और उड़द दाल को पानी के साथ कुकर में डालें और नरम होने तक अच्छी तरह पका लें।
अब एक कड़ाही में देसी घी गर्म करें। इसमें हींग, सूखी लाल मिर्च, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और कुटा हुआ लहसुन डालकर तड़का तैयार करें।
तड़का तैयार होने के बाद इसमें पकी हुई दाल डालें। स्वादानुसार नमक और जरूरत के हिसाब से पानी मिलाएं। दाल को धीमी आंच पर पकाएं, जब तक इसका टेक्सचर अच्छी तरह स्मूद और गाढ़ा न हो जाए।
अंत में दाल में ताजा कटा हुआ हरा धनिया और जरूरत के अनुसार नींबू का रस डालें। तैयार पंचमेल दाल को घी लगी गरमा-गरम मूंग दाल बाटी के साथ परोसें।
रेसिपी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
मूंग दाल बाटी का टेक्सचर बेहतर रखने के लिए दाल को पीसते समय उसे दरदरा रखना जरूरी है। साथ ही बाटी को मध्यम आंच पर पकाने से वह बाहर से अच्छी तरह सिकने के साथ अंदर तक भी पकती है।
पंचमेल दाल को बाटी के साथ परोसते समय उसके गाढ़ेपन का भी ध्यान रखें। जरूरत के अनुसार पानी डालकर दाल की कंसिस्टेंसी को एडजस्ट किया जा सकता है। इस तरह पारंपरिक दाल-बाटी को मूंग दाल के ट्विस्ट के साथ एक नए अंदाज में तैयार किया जा सकता है।