थप्पड़कांड को लेकर केजरीवाल का PM मोदी पर वार, बोले- ‘Gen-Z’ ऐसे नहीं जुड़ेगी

दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान AAP विधायक जरनैल सिंह की टीम के सदस्य साहेब सिंह को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने बीजेपी पर निशाना साधा है।

Knews Desk – इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा है। केजरीवाल ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी ‘जेन ज़ी’ यानी Gen Z से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके मंत्री युवाओं को थप्पड़ मार रहे हैं।

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि वह शाम 4:30 बजे तिलक नगर जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से बनाई गई सड़क पहले ही टूट-फूट रही थी और खराब हो रही थी, जैसा कि वीडियो में दिखाई दिया। इसी बीच, उनके एक मंत्री ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया।

पीएम मोदी पर केजरीवाल का निशाना

केजरीवाल ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘जेन ज़ी’ को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं, रील्स बना रहे हैं और ‘भजन क्लबिंग’ जैसे कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके ही मंत्री किसी को थप्पड़ मारते हैं और प्रधानमंत्री कोई कार्रवाई नहीं करते।

उन्होंने कहा कि ‘जेन ज़ी’ इस तरह उनका साथ नहीं देगी। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि मंत्री और उस सड़क को बनाने के लिए जिम्मेदार सभी इंजीनियरों को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके बाद प्रधानमंत्री को रील्स बनाने या ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रमों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और ‘जेन ज़ी’ अपने आप उनके साथ जुड़ जाएगी।

केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई करने के बजाय प्रधानमंत्री अपने मंत्री को बचाएंगे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि ऊपर से दिल्ली पुलिस को मंत्री को बचाने का आदेश दिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मंत्री और भ्रष्टाचार को बचाएंगे और फिर उम्मीद करेंगे कि देश का ‘जेन ज़ी’ उनसे जुड़ेगा। उनके मुताबिक, देश का ‘जेन ज़ी’ प्रधानमंत्री से ईमानदारी की उम्मीद करता है।

प्रवेश वर्मा ने दिया जवाब

वहीं दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर कहा, ‘केजरीवाल जी, मैं आपको सिखा सकता हूं कि जनता का दिल कैसे जीतते हैं। मगर आपको ड्रामा करने से फुर्सत मिले तब ना। चलो पहले ये वीडियो देखो।’

AAP विधायक संजीव झा का पलटवार

इस बीच आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने भी प्रवेश वर्मा पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘रहने दो नहीं हो पाएगा, हां रोड छाप गुंडागर्दी और कमीशनखोरी में जरूर आप चैंपियन हो। चिंता ना करो कमीशनखोरी के भी सबूत बहुत जल्दी जनता के सामने रखने वाले हैं। दिल्ली की जनता को पता चलना चाहिए कि उसका मंत्री कितना बड़ा चोर है।’

इस पूरे विवाद के बीच थप्पड़ कांड का वीडियो और दोनों पक्षों के बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। मामले को लेकर दिल्ली की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *