छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और बाढ़ से कई इलाके प्रभावित हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा पहुंचकर बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और राहत केंद्रों में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
Knews Desk– छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश के चलते बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को बाढ़ प्रभावित सुकमा पहुंचे। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात की जानकारी ली और राहत केंद्रों में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों से बाढ़ की मौजूदा स्थिति और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। साथ ही बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने राहत केंद्रों में रह रहे प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों के बारे में जानकारी ली।
सीएम साय ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।