‘लव एंड वॉर’ के फर्स्ट लुक के बाद रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, विकी कौशल और संजय लीला भंसाली मुंबई में डिनर के लिए पहुंचे। बाहर निकलते वक्त एक पैपराजी के बार-बार आवाज लगाने पर रणबीर का रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया।
Knews Desk – बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल जल्द ही डायरेक्टर संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में साथ नजर आने वाले हैं। हाल ही में फिल्म से तीनों सितारों के फर्स्ट लुक पोस्टर सामने आए थे। इसके बाद रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, विकी कौशल और संजय लीला भंसाली मुंबई के एक रेस्टोरेंट में डिनर के लिए पहुंचे। इस दौरान पैपराजी के साथ रणबीर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, जब रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, विकी कौशल और संजय लीला भंसाली रेस्टोरेंट से बाहर निकले तो पैपराजी ने उन्हें कैमरे में कैद किया। चारों ने साथ में पोज भी दिए और तस्वीरें क्लिक करवाईं। इसके बाद जब सभी अपनी कार की तरफ बढ़ने लगे तो एक पैपराजी लगातार रणबीर को आवाज लगाने लगा और फुटेज देने की मांग करता रहा।
https://www.instagram.com/reels/Ddx7FfrRhMn/
पैपराजी के लगातार आवाज लगाने पर रणबीर कपूर अचानक पीछे मुड़े और उसकी तरफ देखते हुए कहा, ‘बहुत बोल रहा है तू।’ रणबीर का यह रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद रणबीर अपनी पत्नी आलिया भट्ट के साथ आगे बढ़ गए, जबकि विकी कौशल भी वहां से निकलते दिखाई दिए।
‘लव एंड वॉर’ की बात करें तो यह एक रोमांटिक-वॉर फिल्म है, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में लव-ट्रायंगल की कहानी देखने को मिलेगी। बताया जा रहा है कि रणबीर कपूर और विकी कौशल फिल्म में आर्मी ऑफिसर के किरदार में नजर आएंगे।
https://www.instagram.com/reels/Ddw6sbWTej6/
फिल्म पहले दिसंबर 2025 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट पोस्टपोन कर दी गई। अब ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
रणबीर कपूर की आने वाली फिल्मों की बात करें तो ‘लव एंड वॉर’ से पहले वह नितेश तिवारी की ‘रामायण पार्ट 1’ में भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, अरुण गोविल और सनी देओल समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ‘रामायण पार्ट 1’ इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज होने वाली है।