Knews Desk– बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। बड़े भतीजे आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक के पद से हटाकर छोटे भतीजे ईशान आनंद को जिम्मेदारी दिए जाने के बाद संगठनात्मक स्तर पर नए बदलाव किए गए हैं।
मायावती ने संगठन की दृष्टि से देश को तीन सेक्टर में बांटा है। इनमें सेक्टर दो और सेक्टर तीन की जिम्मेदारी के लिए रामजी गौतम और राजाराम को प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले बसपा के संगठनात्मक ढांचे में देश को छह सेक्टर में बांटा गया था। नए संगठनात्मक ढांचे के तहत उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को एक सेक्टर में रखा गया है। इसकी जिम्मेदारी मायावती खुद संभाल रही हैं। वहीं, राज्यसभा सदस्य रामजी गौतम को 10 राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा पूर्व राज्यसभा सदस्य राजाराम को नौ राज्यों का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी की ओर से संगठन को नए सिरे से व्यवस्थित करने के तहत यह बदलाव किए गए हैं। मायावती अब अलग-अलग राज्यों में संगठन की गतिविधियों और पार्टी के जनाधार को मजबूत करने पर फोकस कर रही हैं।