Knews Desk– उत्तर प्रदेश में लगातार करीब 60 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में सड़कें जलमग्न हैं और कई इलाकों में घरों तक पानी पहुंच गया है। तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली के साथ हुई बारिश के कारण अलग-अलग हादसों में कई लोगों की मौत हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे में प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश हुई। बहराइच, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, हमीरपुर, बांदा और कानपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार गहन अवदाब का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है, जिसके चलते मध्य और दक्षिणी यूपी में रविवार से बारिश में कमी आने की संभावना है। तराई वाले इलाकों में हालांकि बारिश जारी रह सकती है। सोमवार 28 सितंबर से मौसम के अपेक्षाकृत शुष्क होने की संभावना जताई गई है।
इस बारिश के कारण लखनऊ में जानकीपुरम, आशियाना, रुचि खंड, रश्मि खंड, सरोजिनी नगर और गोमती नगर समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया है। आशियाना में कई घरों में बारिश का पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश ने यातायात और सामान्य जनजीवन को भी प्रभावित किया है।
बारिश के दौरान अलग-अलग हादसों में गोरखपुर में 5 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। फतेहपुर में मकान गिरने से 8 साल के बच्चे की मौत हुई। बांदा में मकान गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान चली गई। गोंडा में बाइक पर पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हुई। लखीमपुर खीरी और बाराबंकी में अलग-अलग हादसों में 3-3 लोगों की मौत हुई। बस्ती में एक, जबकि अमेठी और हमीरपुर में दो-दो लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश से जुड़े हादसों में जानमाल का नुकसान हुआ है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस मानसून सीजन में बहराइच में 193 मिलीमीटर, हमीरपुर में 164, लखीमपुर खीरी में 163, शाहजहांपुर में 162, बांदा में 153, श्रावस्ती में 127 और लखनऊ में 125 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है।