गणेश विसर्जन जुलूस में 17 वर्षीय छात्रा की मौत, परिजनों ने तेज DJ साउंड को बताया वजह

Betul News: बैतूल में गणेश विसर्जन के दौरान जेएच कॉलेज की 17 वर्षीय B.Sc छात्रा अचानक बेहोश होकर गिर गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने जुलूस में बज रहे तेज DJ साउंड को छात्रा की तबीयत बिगड़ने की वजह बताया है।

Knews Desk -मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान एक 17 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जेएच कॉलेज के विसर्जन जुलूस में शामिल छात्रा प्रतीक्षा वर्मा अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर गई। घटना शुक्रवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। छात्रा को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान प्रतीक्षा वर्मा (17), पुत्री नितेश वर्मा, निवासी सुहागपुर ढाना, थाना शाहपुर के रूप में हुई है। प्रतीक्षा बैतूल के विकास नगर इलाके में किराए के मकान में रहकर जेएच कॉलेज में B.Sc प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। जुलूस के दौरान अचानक हुई इस घटना के बाद उसके परिवार और सहपाठियों में शोक का माहौल है।

घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने विसर्जन जुलूस में बज रहे DJ की तेज आवाज को लेकर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि अत्यधिक तेज ध्वनि के कारण छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ी और उसके दिल पर असर पड़ा। हालांकि, छात्रा की मौत की वास्तविक वजह क्या थी, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

मामले को लेकर पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई है और शव को परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही विसर्जन जुलूस में इस्तेमाल किए गए DJ साउंड सिस्टम और उसके ध्वनि स्तर की भी जांच की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जुलूस के दौरान DJ की आवाज निर्धारित मानकों के भीतर थी या नहीं। यदि जांच में ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों या एनजीटी के निर्धारित मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो आयोजकों और DJ संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पुलिस छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों और DJ साउंड की भूमिका को लेकर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *