पीएम मोदी ने बजाई खंजरी, ‘हनुमान अंश’ के साधु तिवारी ने गाया ‘पार्वती’ भजन, Gen Z के साथ झूमे

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के मौके पर दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसमें शामिल हुए और भक्ति संगीत का आनंद लेते हुए खंजरी बजाते नजर आए।

knews desk – 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली में आयोजित ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में भक्ति और आधुनिक संगीत का खास संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां पहुंचे और कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

कार्यक्रम के दौरान फिल्म ‘हनुमान अंश’ के सिंगर साधु तिवारी ने फिल्म का चर्चित भक्ति गीत ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ पेश किया। जैसे ही मंच से भजन की शुरुआत हुई, प्रधानमंत्री मोदी इसे ध्यान से सुनते नजर आए। सामने आए वीडियो और तस्वीरों में वह भजन की धुन पर खंजरी बजाते और ताल देते दिखाई दिए।

‘भजन क्लबिंग’ के इस कार्यक्रम में पारंपरिक भजनों को आधुनिक कॉन्सर्ट के अंदाज में पेश किया गया। प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले भी इस तरह के आयोजनों का उल्लेख कर चुके हैं। यह फॉर्मेट खासतौर पर युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहा है, जिसमें भक्ति संगीत के साथ आधुनिक मंचीय प्रस्तुति देखने को मिलती है।

कार्यक्रम में ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने भी प्रस्तुति दी। उन्होंने मंच पर हनुमान चालीसा का पाठ किया। उनकी प्रस्तुति के दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी भक्ति संगीत का आनंद लिया।

‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ गाने को अपनी आवाज देने के साथ-साथ इसके बोल और संगीत तैयार करने का काम साधु एस. तिवारी ने किया है। इस गीत में भगवान शिव और माता पार्वती की कहानी को सरल शब्दों और देसी अंदाज में पेश किया गया है। गाने की लोकप्रियता के बाद साधु तिवारी भक्ति संगीत के क्षेत्र में चर्चा में आए हैं।

कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा हो रही है। खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खंजरी बजाने और युवाओं के साथ भजन सुनने वाले वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *