Knews Desk– एशियन गेम्स 2026 में भारत की झोली में तीसरा गोल्ड मेडल आ गया है। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में महिला कबड्डी का चौथी बार गोल्ड मेडल जीता है। वहीं, टीम इंडिया ने 2018 के फाइनल में ईरान के हाथों मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया।
आईची-नागोया में शनिवार 26 सितंबर को भारतीय टीम ने शुरुआत से ही मुकाबले में दबदबा बनाए रखा। पहले हाफ में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22-16 की बढ़त हासिल कर ली। भारतीय टीम ने एक सुपर-रेड लगाई और इसके बाद ईरान को ऑल आउट कर अपनी बढ़त मजबूत की। हालांकि, ईरान ने भी सुपर टैकल के जरिए वापसी की कोशिश जारी रखी।
दूसरे हाफ में ईरानी टीम ने अपने खेल में सुधार किया और भारतीय टीम को ऑल आउट करते हुए दबाव बनाने की कोशिश की। ईरान ने दूसरे हाफ में 18 अंक हासिल किए, जबकि भारत के खाते में 15 अंक आए। इसके बावजूद भारतीय टीम ने अपनी बढ़त बनाए रखी और मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया।
इस जीत के साथ भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता है। महिला कबड्डी को एशियन गेम्स में 2010 से शामिल किया गया था और तब से भारत ने सभी पांच फाइनल खेले हैं। इनमें 2018 के फाइनल में भारत को ईरान से हार मिली थी। अब 8 साल बाद भारत ने ईरान को फाइनल में हराकर उस हार का बदला भी ले लिया।
ईरान को सिल्वर मेडल मिला, जबकि ताइवान और नेपाल ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। भारत के पास अब पुरुष कबड्डी टीम के जरिए भी गोल्ड मेडल जीतने का मौका है। इससे पहले भारत ने पिस्टल शूटिंग और महिला क्रिकेट में एक-एक गोल्ड मेडल जीता था।