यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का आगाज, अमित शाह ने किया शुभारंभ

Knews Desk– ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का आगाज हो गया है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ट्रेड शो का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश के कई मंत्री, विधायक और सांसद मौजूद रहे।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का आयोजन 29 सितंबर तक चलेगा। ट्रेड शो में 3400 से ज्यादा काउंटर लगाए गए हैं, जहां उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के उत्पादों और विशेषताओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। यहां वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के साथ वन डिस्ट्रिक्ट वन फूड की भी झलक देखने को मिल रही है।

ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के साथ रक्षा क्षेत्र में राज्य की बढ़ती भागीदारी को भी प्रदर्शित किया गया है। यहां ब्रह्मोस मिसाइल का डमी मॉडल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसके अलावा आईजी डिफेंस द्वारा तैयार किए गए काल ड्रोन को भी प्रदर्शित किया गया है। बताया गया कि यह ड्रोन करीब एक हजार किलोमीटर की क्षमता के साथ 50 किलो तक का भार ले जा सकता है और इसकी गति 165 से 200 किलोमीटर प्रति घंटा है।

ट्रेड शो में एंटी-ड्रोन सिस्टम भी प्रदर्शित किया गया है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने इसके काम करने के तरीके की जानकारी दी। वहीं वाराणसी के हस्तशिल्प कलाकार ओम प्रकाश शर्मा की लकड़ी से बनी खिलौनों और मूर्तियों की कला भी प्रदर्शित की गई है। बताया गया कि उनके परिवार की छह पीढ़ियां इस कला से जुड़ी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनके काम की सराहना कर चुके हैं।

आयोजकों के अनुसार ट्रेड शो में 90 देशों के व्यापारिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। वहीं चार लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई है। ट्रेड शो के जरिए उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, खाद्य उत्पादों और औद्योगिक क्षमताओं को देश-दुनिया के सामने प्रदर्शित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *