KNEWS DESK- अगर आप नाश्ते में कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पेट भरने वाला भी हो, तो काला चना सुंदल ट्राई कर सकते हैं। साउथ इंडियन स्टाइल में तैयार होने वाली इस डिश में नारियल, करी पत्ता और मसालों का तड़का स्वाद को खास बना देता है। इसे सुबह के नाश्ते के अलावा शाम के समय हल्के स्नैक के तौर पर भी खाया जा सकता है। आप अपनी पसंद के अनुसार हरी मिर्च की मात्रा कम या ज्यादा कर सकते हैं।

भारत में नाश्ते के लिए पोहा, पराठा, उपमा, अप्पे और पूरी-सब्जी जैसी कई डिश पसंद की जाती हैं। लेकिन अगर रोज एक जैसा नाश्ता करके आप भी बोर हो चुके हैं, तो इस बार काले चने से बनने वाली यह साउथ इंडियन डिश घर पर बनाकर देखें। इसे तैयार करने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और नारियल व करी पत्ते का तड़का इसके स्वाद को बिल्कुल अलग बना देता है। आइए जानते हैं काला चना सुंदल बनाने का आसान तरीका।
काला चना सुंदल की रेसिपी
सामग्री
- काला चना- 1 कप
- कद्दूकस किया हुआ नारियल- 2 चम्मच
- हरी मिर्च- 2 बारीक कटी हुई
- राई- 1 छोटा चम्मच
- उड़द दाल- आधा छोटा चम्मच
- सूखी लाल मिर्च- 1
- करी पत्ते- 5
- हींग- 1 छोटा चम्मच
- तेल- 1 चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- नींबू का रस- थोड़ा सा
- पानी- जरूरत के अनुसार
विधि
- सबसे पहले काले चनों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें और इन्हें करीब 7 घंटे या फिर रातभर पानी में भिगोकर रख दें। सुबह चनों का पानी निकालें और एक बार फिर इन्हें धो लें। अब चनों को प्रेशर कुकर में डालकर जरूरत के अनुसार पानी और थोड़ा नमक मिलाएं। चनों को नरम होने तक पकाएं, लेकिन ध्यान रखें कि वे पूरी तरह गलने न पाएं।
- चने पक जाने के बाद उनका अतिरिक्त पानी निकाल दें। अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें राई डालें। जब राई चटकने लगे तो इसमें उड़द दाल, सूखी लाल मिर्च, बारीक कटी हरी मिर्च और करी पत्ता डालकर हल्का भूनें।
- अब इसमें एक चुटकी हींग डालें और कुछ सेकंड तक पकाएं। इसके बाद उबले हुए काले चनों को कड़ाही में डालकर तड़के के साथ अच्छी तरह मिला लें। स्वाद के अनुसार नमक डालें और करीब 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं, ताकि मसालों का स्वाद चनों में अच्छी तरह मिल जाए।
- गैस बंद करने के बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल और थोड़ा सा नींबू का रस डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं और गरमागरम काला चना सुंदल सर्व करें।
काला चना सुंदल में नरम काले चनों के साथ नारियल, करी पत्ता और मसालों का बेहतरीन स्वाद मिलता है। अगर आप नाश्ते में कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो इस आसान रेसिपी को अपनी मील में शामिल कर सकते हैं। मिर्च की मात्रा आप अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा रख सकते हैं।