मोहाली में GMADA दफ्तर पर ED की रेड के बीच AAP का प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की

Knews Desk – पंजाब के मोहाली में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी GMADA के दफ्तर में पिछले करीब 36 घंटे से ED की रेड जारी है। मनी लॉन्ड्रिंग, बिल्डरों को चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) और अन्य शुल्कों में कथित राहत देने के साथ-साथ अनियमितताओं और रिश्वतखोरी के आरोपों की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की जा रही है।

ED की कार्रवाई के बीच गुरुवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने GMADA कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और ED के खिलाफ नारेबाजी की। AAP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जहां-जहां चुनाव होते हैं, वहां केंद्रीय जांच एजेंसियों को आगे करके दबाव की राजनीति करने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की

AAP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पंजाब के सरकारी अफसरों को ED के नाम पर डराया जा रहा है। इसके साथ ही पंजाब के आम आदमी पार्टी के नेताओं और मंत्रियों पर भी दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता जबरन GMADA दफ्तर का गेट खुलवाकर अंदर दाखिल हो गए और केंद्र सरकार तथा ED के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

वहीं, ED की टीम के साथ आए CRPF के जवानों ने GMADA दफ्तर के अंदर मोर्चा संभाल लिया और मुस्तैद दिखाई दिए। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी पंजाब पुलिस से लगातार उलझते रहे, ताकि वे अंदर जाकर ED की टीमों के सामने विरोध कर सकें। इस दौरान पंजाब पुलिस के साथ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की भी हुई।

अंदर ED की रेड, बाहर धरने पर AAP कार्यकर्ता

CRPF के जवानों द्वारा GMADA दफ्तर में घुसने से रोके जाने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उसके बाहर ही धरने पर बैठ गए, जबकि अंदर ED की रेड जारी रही। बाद में पंजाब पुलिस ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पीछे खदेड़ दिया। इस दौरान तोड़फोड़ की घटना भी हुई। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने ED की टीम में शामिल एक गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और हवा निकाल दी।

वहीं, AAP विधायक चेतन सिंह जौरामाजरा का आरोप है कि ED का इस्तेमाल चुनाव के आसपास ही क्यों किया जा रहा है। उन्होंने इसे सरकार का पुराना पैतरा करार दिया। फिलहाल, ED की कार्रवाई को लेकर पंजाब की राजनीति में उथल-पुथल मची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *