दलित कार्यकर्ता के घर पहुंचे नितिन नबीन, रविदास मंदिर में की पूजा; सहारनपुर से दिया सामाजिक संदेश

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मंगलवार को सहारनपुर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी के दलित कार्यकर्ता अजब सिंह के घर पहुंचकर उनके परिवार के साथ भोजन किया। इसके बाद उन्होंने संत शिरोमणि रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना की।

Knews Desk- नितिन नबीन के साथ उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। अजब सिंह के घर पर दोनों नेताओं ने उनके साथ बैठकर अरहर की दाल, रोटी, पुलाव, आलू की सूखी सब्जी, रायता और आइसक्रीम खाई। नितिन नबीन करीब 25 मिनट तक अजब सिंह के घर पर रुके। इसके बाद वह संत रविदास मंदिर पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उन्हें संत रविदास की मूर्ति और पुस्तक भेंट की।

सहारनपुर दौरे के दौरान नितिन नबीन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक भी की। बैठक में कुछ पदाधिकारियों की ओर से सम्मान नहीं मिलने की शिकायत रखी गई, जिस पर भाजपा अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिलाध्यक्षों से चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया और कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।

नितिन नबीन ने कहा कि पार्टी में किसी की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी और सरकार बनने पर सभी को उचित सम्मान दिया जाएगा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा सभी समाजों को एक साथ जोड़कर आगे बढ़ रही है। उन्होंने 2027 में भाजपा की दोबारा सरकार बनने का दावा भी किया।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास को लेकर भी अपनी बात रखी। नितिन नबीन ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडे और माफियाओं से होती थी, जबकि आज प्रदेश के युवा सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में पहचान बना रहे हैं। उन्होंने एक्सप्रेस-वे और ब्रह्मोस जैसी परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में आए इस बदलाव को जनता देख रही है और चुनाव में इसी आधार पर मतदान होगा।

सहारनपुर जिले में सात विधानसभा सीटें हैं, जिनमें बेहट, नकुड़, सहारनपुर नगर, सहारनपुर देहात, देवबंद, रामपुर मनिहारन और गंगोह शामिल हैं। रामपुर मनिहारन सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। सहारनपुर की सामाजिक संरचना में मुस्लिम और अनुसूचित जाति की आबादी महत्वपूर्ण है। ऐसे में अजब सिंह के घर भोजन और रविदास मंदिर में पूजा को भाजपा के सामाजिक संपर्क कार्यक्रम के हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है। नितिन नबीन का पश्चिमी यूपी दौरा संगठन को मजबूत करने और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा पर केंद्रित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *