Knews Desk- लोकप्रिय और दिग्गज एक्टर अनंत नाग को भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। अनंत नाग इंडियन सिनेमा के बेहतरीन कलाकारों में से एक हैं और करीब 5 दशकों से फिल्मी दुनिया का हिस्सा हैं। वह 300 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। सिनेमा में उनके अहम योगदान के लिए उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया है। कुछ दिन पहले ही भारत सरकार की तरफ से इस पुरस्कार के लिए उनके नाम का ऐलान किया गया था।
गुजरात के एकता नगर में 22 सितंबर को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में साल 2024 की बेहतरीन फिल्मों, कलाकारों और लेखकों को नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया। समारोह में अनंत नाग को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वर्ण कमल पदक और शॉल देकर सम्मानित किया। जब वह मंच पर अवॉर्ड लेने पहुंचे, तो उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दिया गया।
पदक के साथ 10 लाख रुपये की इनामी राशि
स्वर्ण कमल पदक और शॉल के साथ अनंत नाग को 10 लाख रुपये की कैश प्राइज मनी भी दी गई है। 16 सितंबर को यह जानकारी सामने आई थी कि अनंत नाग को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा के बाद उन्हें बधाई दी थी।
पीएम मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए X पर लिखा था, “दिग्गज अनंत नाग जी को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार मिलने पर बधाई। उन्होंने कई दशकों से अपनी सहज अदाकारी, शानदार अभिनय और बेहतरीन बहुमुखी प्रतिभा के जरिए भारतीय सिनेमा, खासकर कन्नड़ सिनेमा पर गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने जिस भी किरदार को निभाया, उसमें एक अलग गहराई और सच्चाई नजर दिखी।”
5 दशक का शानदार करियर
अनंत नाग ने साल 1973 में आई कन्नड़ फिल्म ‘संकल्प’ से फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और अंग्रेजी भाषा की फिल्मों में भी काम किया। वह 300 से ज्यादा फिल्मों का हिस्सा रहे हैं, जिनमें से करीब 250 फिल्में कन्नड़ सिनेमा की हैं।