Knews Desk– उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) को लेकर प्रदेशवासियों, युवाओं और उद्यमियों के नाम विशेष पाती लिखी है। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, युवाओं की प्रतिभा और उद्यमियों के प्रयासों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने पर जोर दिया है।

मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान एक ‘बीमारू प्रदेश’ के रूप में की जाती थी। राज्य को इस छवि से बाहर निकालकर एक प्रगतिशील और ‘उत्सव प्रदेश’ बनाना बड़ी चुनौती थी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना सरकार की प्राथमिकताओं में रहा है।सीएम योगी ने एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) और MSME सेक्टर को बढ़ावा देने के प्रयासों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इन प्रयासों के जरिए प्रदेश में अब तक 4 करोड़ से अधिक रोजगार के नए अवसर बने हैं। ODOP की सफलता के बाद राज्य सरकार ने ‘एक जिला-एक फसल’ (ODOC) जैसी नई पहल भी शुरू की है, जिसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उत्पादन और संबंधित क्षेत्रों को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और निर्यात को लेकर भी अपनी पाती में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा ग्रोथ इंजन बन चुका है। राज्य का वार्षिक निर्यात 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। वहीं, राज्य सरकार का नया निवेश लक्ष्य 15 लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है। मुख्यमंत्री के अनुसार, देश और विदेश के बड़े निवेशक और उद्योगपति उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए रुचि दिखा रहे हैं, जिसका लाभ प्रदेश के युवाओं और कुशल जनशक्ति को मिल रहा है।युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोजगार को लेकर अपनी सरकार की सोच का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान केवल उसके बड़े बाजार और विशाल जनशक्ति से नहीं है, बल्कि प्रदेश के युवाओं के कौशल, शिल्पकारों के हुनर और उद्यमियों की प्रतिभा से भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला न बने, बल्कि अपना उद्यम शुरू करके दूसरे लोगों को रोजगार देने में सक्षम बने।
मुख्यमंत्री ने युवाओं और उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए स्टार्टअप नीति और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना जैसे कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन युवाओं और छोटे उद्यमियों को विदेशी खरीदारों, निवेशकों और वैश्विक बाजारों से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।सीएम योगी ने प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों, नवोदित उद्यमियों और भावी व्यवसायियों से UPITS 2026 का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय मंच नए व्यावसायिक संपर्क बनाने, वैश्विक बाजार तलाशने और अपनी प्रतिभा के अनुरूप नए अवसर खोजने का अवसर है।मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के प्रयास और नवाचार उत्तर प्रदेश के स्थानीय सामर्थ्य को दुनिया के बाजारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को साकार करने के लिए युवाओं की भागीदारी को जरूरी बताया और उनसे इस अभियान में आगे आने का आह्वान किया।