दिल्ली में बारापुला फेज-3 कॉरिडोर तैयार, 29 सितंबर को अमित शाह करेंगे उद्घाटन

Knews Desk- लंबे इंतजार के बाद बारापुला फेज-3 कॉरिडोर जनता के लिए तैयार है। यह मयूर विहार फेज-1 को सराय काले खां से जोड़ते हुए AIIMS और दक्षिण दिल्ली की ओर सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी देगा।

दिल्ली का लंबे समय से लंबित बारापुला फेज-3 कॉरिडोर अब उद्घाटन के लिए तैयार है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 29 सितंबर को इस परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को परियोजना स्थल का निरीक्षण कर अंतिम तैयारियों का जायजा लिया। बारापुला फेज-3 मयूर विहार फेज-1 को सराय काले खां से जोड़ेगा। इससे AIIMS और दक्षिण दिल्ली की ओर आवागमन आसान होने की उम्मीद है। यह मौजूदा बारापुला कॉरिडोर से जुड़ेगा, जिसके बाद पूरा कॉरिडोर करीब 9 किलोमीटर लंबा हो जाएगा।

इस परियोजना को 2014 में मंजूरी मिली थी और निर्माण कार्य 2015 में शुरू हुआ था। इसे मूल रूप से 2017 तक पूरा किया जाना था, लेकिन विभिन्न कारणों से इसमें देरी हुई। देरी के चलते परियोजना की लागत भी बढ़ी और संशोधित लागत करीब 1,635 करोड़ रुपये हो गई। PWD अधिकारियों के मुताबिक, एलिवेटेड कॉरिडोर के दोनों रैंप का निर्माण पूरा हो चुका है। एक रैंप मयूर विहार की ओर और दूसरा सराय काले खां के पास मौजूदा कॉरिडोर से जुड़ता है। यमुना पर बना एक्स्ट्रा-डोज्ड ब्रिज भी तैयार है।

कॉरिडोर में साइकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना का उद्देश्य वाहनों के साथ-साथ पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *