Knews Desk- मोहन यादव ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्य प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक विकास से जुड़े आंकड़े गिनाए।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर पलटवार किया। उन्होंने कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दों पर कहा कि बच्चों, युवाओं और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में तथ्यों के बजाय भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम हुआ है। उनके मुताबिक, 2002-03 तक प्रदेश में ड्रॉपआउट दर करीब 16 प्रतिशत थी, जबकि अब इसे शून्य तक लाने की दिशा में प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा का बजट करीब 2 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 38,658 करोड़ रुपये हो गया है।
स्वास्थ्य शिक्षा का जिक्र करते हुए यादव ने कहा कि प्रदेश में पहले केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब 33 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। मेडिकल सीटों की संख्या भी करीब 680 से बढ़कर 7 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, 2002-03 तक यह करीब 11 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 1.59 लाख रुपये हो गई है। बिजली उत्पादन क्षमता भी करीब 5 हजार मेगावाट से बढ़कर 32 हजार मेगावाट बताई गई।
रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग में करीब 18 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है। स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार भर्तियां और 7 हजार प्राध्यापकों की भर्ती का भी उन्होंने उल्लेख किया। उन्होंने राहुल गांधी से मध्य प्रदेश के विकास पर तथ्यों और आंकड़ों के साथ संवाद करने की अपील की।