AIAPGET 2026 Result: एआईएपीजीईटी का रिजल्ट जारी, ऐसे डाउनलोड करें स्कोरकार्ड

KNEWS DESK- राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने AIAPGET 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोरकार्ड चेक कर सकते हैं। AIAPGET के जरिए आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी और सिद्धा के पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सेज में दाखिला मिलता है। रिजल्ट के साथ NTA ने फाइनल आंसर की भी जारी कर दी है।

AIAPGET 2026 परीक्षा 22 अगस्त को देशभर के 104 शहरों में बनाए गए 205 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए कुल 51,482 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जबकि 49,864 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। जयपुर के कुछ परीक्षा केंद्रों पर बिजली की समस्या के कारण 49 उम्मीदवारों के लिए 1 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी।

परीक्षा में आयुर्वेद स्ट्रीम से 35,838, होम्योपैथी से 10,643, यूनानी से 2,649 और सिद्धा से 734 उम्मीदवार शामिल हुए थे। इनमें 31,178 महिला और 18,686 पुरुष अभ्यर्थी थे।

आयुर्वेद स्ट्रीम में कुल 19,920 उम्मीदवारों ने परीक्षा क्वालिफाई की है। वहीं, होम्योपैथी में 5,934 अभ्यर्थी सफल हुए। आयुर्वेद में विनोद ने पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने 480 में से 390 अंक प्राप्त किए और उनका पर्सेंटाइल 99.99 रहा। वहीं, होम्योपैथी में अय्यामोलिया अक्षया ने टॉप किया। उन्हें 480 में से 417 अंक मिले।

उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए NTA की AIAPGET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद AIAPGET 2026 Score Card लिंक पर क्लिक करें। अब मांगी गई जानकारी में अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करके लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा। उम्मीदवार इसे डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।

AIAPGET 2026 के जरिए होने वाले दाखिले के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया अलग से आयोजित की जाएगी। NTA ने स्पष्ट किया है कि वह एडमिशन काउंसलिंग आयोजित नहीं करेगा। ऑल इंडिया कोटा की सीटों पर दाखिले के लिए आयुष एडमिशन सेंट्रल काउंसलिंग कमिटी (AACCC) की ओर से काउंसलिंग कराई जाएगी। उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया और काउंसलिंग से जुड़ी जानकारी के लिए संबंधित आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *