Knews Desk– रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए। उन्होंने कहा कि भारत के मुक्त व्यापार समझौते नए बाजारों तक पहुंच और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को रोजगार मेले को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया और 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा, कौशल और इनोवेशन पर दुनिया का भरोसा बढ़ा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने अलग-अलग देशों के साथ करीब 40 मुक्त व्यापार समझौते यानी FTA किए हैं। इन समझौतों से भारतीय कारोबारियों को नए बाजारों और साझेदारियों तक पहुंच मिल रही है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
उन्होंने देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम का भी जिक्र किया। पीएम मोदी के मुताबिक, भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है और अब स्टार्टअप केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं। मान्यता प्राप्त करीब आधे स्टार्टअप दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में हैं।
रोजगार मेले का आयोजन देशभर में 45 स्थानों पर किया गया। नए नियुक्त युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में जिम्मेदारियां मिलेंगी। इनमें रेलवे, गृह, रक्षा, वित्तीय सेवाएं, स्वास्थ्य और राजस्व विभाग समेत कई विभाग शामिल हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, रोजगार मेले के जरिए अब तक 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। पीएम मोदी ने युवाओं से सार्वजनिक सेवा को प्राथमिकता देने और विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया।