KNEWS DESK- अनानास को आमतौर पर लोग फल के तौर पर खाते हैं, लेकिन इसका अचार भी स्वाद में बेहद खास होता है। खास बात यह है कि इस अचार को बनाने में तेल की एक बूंद भी इस्तेमाल नहीं करनी पड़ती। खट्टे-मीठे अनानास के साथ मसालों का चटपटा स्वाद इसे दाल-चावल, रोटी और पराठे के साथ खाने के लिए बेहतरीन बनाता है।
शेफ कुणाल कपूर ने अनानास के इस अचार की ऐसी रेसिपी बताई है, जिसमें मसालों को पीसने की भी जरूरत नहीं होती। इसमें खड़े मसालों का इस्तेमाल किया जाता है और अचार को तैयार करने के लिए धूप में रखने की जरूरत भी नहीं पड़ती। इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है।
अनानास का अचार बनाने के लिए क्या चाहिए?
इस अचार के लिए एक मध्यम आकार का अनानास, चीनी, नमक, काला नमक, राई, जीरा, काली मिर्च, लौंग, दालचीनी की स्टिक और चक्रफूल की जरूरत होगी। इसके अलावा हरी मिर्च और ताजी लाल मिर्च भी इस्तेमाल की जाती है।
ऐसे तैयार करें अनानास का अचार
सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें। इसमें चीनी, नमक और काला नमक डालकर उबालें। इसके बाद राई, जीरा, काली मिर्च, लौंग, दालचीनी और चक्रफूल जैसे खड़े मसाले डाल दें। पानी को अच्छी तरह उबलने दें, ताकि मसालों का स्वाद उसमें अच्छी तरह मिल जाए।
अब हरी और लाल मिर्च में बीच से चीरा लगाएं। ध्यान रखें कि मिर्च पूरी तरह अलग न हो। इसके बाद अनानास को अच्छी तरह धोकर छीलें और लंबे स्लाइस में काट लें।
एक साफ शीशे के जार में अनानास के स्लाइस रखें। इनके बीच चीरा लगी हरी और लाल मिर्च डालें। अब तैयार किया हुआ मसालेदार पानी पूरी तरह ठंडा होने के बाद जार में डाल दें। पैन में बचे हुए खड़े मसाले भी जार में डाल दें और ढक्कन अच्छी तरह बंद कर दें।
इस जार को कम से कम एक दिन के लिए ऐसे ही छोड़ दें। अगले दिन से अनानास का अचार खाने के लिए तैयार हो जाएगा। इसे बनाने के लिए न तो तेल की जरूरत है और न ही अचार को धूप में रखने की जरूरत पड़ती है।
https://www.instagram.com/reels/DdVjsQrvulh/
अनानास में होते हैं कई पोषक तत्व
अनानास स्वाद के साथ पोषण के लिहाज से भी उपयोगी फल माना जाता है। हेल्थलाइन के अनुसार, करीब 165 ग्राम कटे हुए अनानास में लगभग 87.9 मिलीग्राम विटामिन सी पाया जाता है। इसके अलावा इसमें विटामिन बी6, कॉपर, पोटेशियम और मैग्नीशियम भी मौजूद होते हैं। अनानास आयरन का भी एक स्रोत है। हालांकि, अचार में चीनी और नमक की मात्रा होने के कारण इसे सीमित मात्रा में खाना बेहतर रहता है।