knews desk – समय रैना का पॉपुलर शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 लगातार चर्चा में बना हुआ है। शो में हर हफ्ते एंटरटेनमेंट, स्टैंड-अप कॉमेडी और यूट्यूब की दुनिया से जुड़े नए चेहरे पहुंच रहे हैं। नए एपिसोड में भुवन बाम, मुकेश छाबड़ा, कौस्तुभ अग्रवाल और नवाजुद्दीन सिद्दीकी नजर आए। इस एपिसोड का एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें समय रैना ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म ‘थामा’ को लेकर मजाक किया।
वायरल क्लिप में समय रैना ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी से उनकी फिल्म ‘थामा’ को लेकर सवाल किया। समय ने पूछा, “सर, आपने ‘थामा’ क्यों की? आपने इसे बनाया ही क्यों?” सवाल सुनकर नवाजुद्दीन कुछ पल के लिए हैरान नजर आए और बोले, “थामा?” इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “खैर, यह बन गई। अब हो गया, सो हो गया।”
समय ने इसके बाद पूछा कि क्या वह ऐसी बातें कह सकते हैं। नवाजुद्दीन ने भी उसी अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि समय यह बात पहले ही कह चुके हैं, इसलिए अब और क्या कहेंगे। जब समय ने मजाक करने की इजाजत मांगी तो नवाजुद्दीन ने कहा कि उन्हें ऐसा जरूर करना चाहिए। दोनों के बीच हुई यह बातचीत अब सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है।
‘थामा’ साल 2025 में रिलीज हुई हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने फिल्म में विलेन का किरदार निभाया था। फिल्म को रिलीज के बाद दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी।
शो के दौरान समय रैना ने नवाजुद्दीन के काम की तारीफ भी की। उन्होंने ‘सेक्रेड गेम्स’ में उनके अभिनय का जिक्र किया। इस दौरान दोनों के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में हुई बातचीत ने एपिसोड को और मजेदार बना दिया।
इसी एपिसोड में भुवन बाम ने भी समय रैना को उनके ही शो में रोस्ट कर दिया। बातचीत के दौरान समय ने भुवन से पूछा कि वह क्यों चले गए थे। इस पर भुवन ने जवाब दिया, “मैं गया, ताकि तुम आगे बढ़ सको।” भुवन के इस जवाब के बाद वहां मौजूद लोगों ने जमकर हूटिंग की।
भुवन बाम ने यूट्यूब के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई है और अब वह फिल्मों समेत कई दूसरे प्रोजेक्ट्स में भी काम कर रहे हैं। वहीं, ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के नए एपिसोड में सितारों और डिजिटल दुनिया के चर्चित चेहरों की मौजूदगी लगातार दर्शकों की दिलचस्पी बनाए हुए है।