UP Home Guard Recruitment: उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की नई तारीख घोषित कर दी गई है. 41,424 पदों के लिए होने वाली यह परीक्षा अब 15 सितंबर 2026 से शुरू होगी. करीब एक लाख अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे. परीक्षा के लिए संशोधित एडमिट कार्ड 13 सितंबर से डाउनलोड किए जा सकेंगे.
Knews Desk- उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने शारीरिक दक्षता परीक्षा की नई तारीख जारी कर दी है. अब PET का आयोजन 15 सितंबर 2026 से किया जाएगा. इससे पहले लगातार बारिश और कई परीक्षा केंद्रों पर जलभराव के कारण परीक्षा स्थगित कर दी गई थी.
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (DV/PST) में सफल अभ्यर्थियों को PET में शामिल होने का मौका मिलेगा. बोर्ड के मुताबिक, करीब एक लाख उम्मीदवार इस चरण में हिस्सा लेंगे.
होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 के तहत DV/PST में योग्य पाए गए उम्मीदवारों के लिए संशोधित एडमिट कार्ड 13 सितंबर 2026 से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे. अभ्यर्थियों को अपने रजिस्ट्रेशन से संबंधित जानकारी दर्ज करके एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा.
एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, तारीख और समय समेत अन्य जरूरी विवरण दिए जाएंगे. उम्मीदवारों को सलाह है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और एडमिट कार्ड के साथ जरूरी दस्तावेज जरूर ले जाएं.
बारिश के चलते स्थगित हुई थी PET
बता दें कि प्रदेश में लगातार बारिश और परीक्षा स्थलों पर जलभराव की स्थिति को देखते हुए 14 सितंबर से प्रस्तावित शारीरिक दक्षता परीक्षा को टाल दिया गया था. अभ्यर्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने यह फैसला लिया था.
इससे पहले भी खराब मौसम के कारण परीक्षा दो बार स्थगित हो चुकी है. अब बोर्ड ने नई तारीख के अनुसार 15 सितंबर से PET आयोजित करने की तैयारी की है.
41,424 पदों पर होगी भर्ती
उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती अभियान के जरिए कुल 41,424 पदों को भरा जाना है. DV/PST में सफल लगभग एक लाख अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होंगे. PET में सफल होने वाले उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी तारीख, एडमिट कार्ड और अन्य अपडेट के लिए केवल उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर ही भरोसा करें. सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली किसी भी सूचना को आधिकारिक पुष्टि के बिना सही न मानें.