KNEWS DESK– उत्तराखंड महोत्सव के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को लेकर दिए गए ‘घुसपैठिए’ वाले बयान पर तीखा पलटवार किया। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री उत्तराखंड से थे।
योगी आदित्यनाथ ने तंज कसते हुए कहा, “अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो आप सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते।” उन्होंने कहा कि मां गंगा, यमुना और सरयू समेत कई नदियां उत्तराखंड से निकलती हैं। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी को संकुचित सोच बताया। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से गले मिलते हैं, वे देवभूमि उत्तराखंड के लोगों के खिलाफ जहर उगलने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि यह बांटने वाली मानसिकता है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली, पूर्व CDS जनरल बिपिन रावत, पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन सभी का संबंध उत्तराखंड से रहा है। प्रदूषण के मुद्दे पर भी योगी ने कहा कि दिवाली पर पटाखे जलाने से प्रदूषण बढ़ा तो वह कम भी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों ने धूमधाम से दिवाली मनाई और सरकार ने पटाखों पर कोई पाबंदी नहीं लगाई।