KNEWS DESK- जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) जवानों के शव गुरुवार को बरामद कर लिए गए। दोनों जवान बुधवार को मारवाह इलाके के देहरना जंगल में फायरिंग की घटना के बाद लापता हो गए थे। घटना के बाद से ही सुरक्षा बलों ने इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को मारवाह के देहरना जंगल में स्थानीय लोगों ने गोलियों की आवाज सुनी थी। इसके कुछ ही देर बाद दोनों SPO जवानों से संपर्क टूट गया और उनके मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हो गए। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया।
गुरुवार को तलाशी अभियान के दौरान दोनों जवानों के शव बरामद किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। घटना के पीछे आतंकियों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षाबलों ने हमलावरों की तलाश में इलाके में एंटी-टेरर ऑपरेशन तेज कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियां घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।