बिहार : ‘सहयोग पोर्टल’ पर पहुंची फरियाद तो सरकार ने लिया संज्ञान, दिनेश और कुंदन की समस्याओं का होगा समाधान

बिहार सरकार की ओर से आम जनता की समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का सहयोग पोर्टल लोगों को अपनी शिकायतें और समस्याएं सरकार तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। पोर्टल के जरिए शिकायत दर्ज कराने के बाद संबंधित मामलों पर संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

Knews Desk – आम जनता की समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए बिहार सरकार की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं। इसी दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का सहयोग पोर्टल लोगों के लिए अपनी शिकायतें और समस्याएं सरकार तक पहुंचाने का जरिया बन रहा है। इस पोर्टल के जरिए आम जनता अपनी समस्याओं को दर्ज करा सकती है। वहीं, संबंधित मामलों पर संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

इसी कड़ी में मुंगेर जिले के रहने वाले दिनेश चौधरी ने अपने पुराने पशु शेड की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई। दिनेश चौधरी ने बताया कि उनका पशु शेड काफी पुराना हो गया था, जिसकी वजह से उन्हें पशुओं की देखभाल करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पशुओं को भी काफी समस्याएं हो रही थीं। खासकर पशुओं को सुरक्षित रखने और उनकी उचित देखभाल करने में काफी दिक्कतें आ रही थीं।

एक दिन उन्हें बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सहयोग पोर्टल के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने इस माध्यम से अपनी शिकायत सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी शिकायत को विस्तार से सुना। इसके बाद जिलाधिकारी से बात की और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

भागलपुर जिले के कुंदन कुमार पासवान ने भी सहयोग पोर्टल के जरिए अपनी समस्या दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का अपना भवन नहीं था और यह पिछले 13 सालों से किराये के मकान में चल रहा था। लंबे समय से किराये के मकान में आंगनबाड़ी केंद्र चलने की वजह से गांव के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के लिए अपना भवन होना जरूरी था, ताकि बच्चों को बेहतर माहौल मिल सके और केंद्र का संचालन भी सुचारू रूप से हो सके।

कुंदन कुमार पासवान ने बताया कि उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री के सहयोग पोर्टल पर आवेदन किया। उनकी समस्या पर मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया और इसका समाधान हो गया। उन्होंने बताया कि अब उनके गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का नया भवन बनने जा रहा है। इससे गांव के बच्चों और ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस पहल और उनकी समस्या पर संज्ञान लेने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

सहयोग पोर्टल का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है। पहले इन सेवाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। सहयोग शिविरों के माध्यम से इन सेवाओं को पंचायत स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों में न जाना पड़े।

अक्सर लोग शिकायत दर्ज तो करा देते हैं, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं मिल पाती कि उनकी शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई है। सहयोग पोर्टल में शिकायतें दर्ज करने के साथ-साथ उनकी निगरानी और तय समय सीमा के भीतर निपटारे की व्यवस्था भी की गई है।

सरकार का उद्देश्य है कि प्रशासन खुद लोगों तक पहुंचे और उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी सोच के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारियों को पंचायत स्तर पर भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *